शिक्षा और रोजगार
पुलिस पर फायरिंग कर भाग रहे भैंस चोर गिरोह के तीन बदमाश मुठभेड़ के बाद दबोचे
दो बदमाशों के पैर में लगी गोली, तीसरा भागते समय गिरकर घायल
जींद (सच कहूँ/जसविंद्र)। Jind News: जींद पुलिस और अंतरराज्यीय भैंस चोर गिरोह के बीच शनिवार देर रात हुई मुठभेड़ में पुलिस ने तीन शातिर बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस पर फायरिंग कर भाग रहे बदमाशों को जवाबी कार्रवाई के बाद दबोचा गया। मुठभेड़ में दो बदमाशों के पैरों में गोली लगी, जबकि तीसरा अंधेरे का फायदा उठाकर भागने के प्रयास में गिरकर घायल हो गया। तीनों को उपचार के लिए नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
उप पुलिस अधीक्षक संजय कुमार ने बताया कि डिटेक्टिव स्टाफ को सूचना मिली थी कि चोरी की पिकअप में सवार तीन बदमाश जींद क्षेत्र में भैंस चोरी की वारदात को अंजाम देने की फिराक में हैं। सूचना मिलते ही निरीक्षक मनीष कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने बिशनपुरा बस अड्डे के पास नाकाबंदी कर दी। पुलिस को देखकर आरोपियों ने वाहन नहीं रोका, बल्कि सरकारी गाड़ी को टक्कर मारते हुए फरार हो गए। पीछा करने पर किशनपुरा रोड स्थित विश्वविद्यालय के पास बदमाश वाहन छोड़कर भागने लगे और पुलिस टीम पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। पुलिस ने पहले उन्हें आत्मसमर्पण करने की चेतावनी दी, लेकिन लगातार गोलीबारी जारी रहने पर आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग करनी पड़ी।
आरोपियों के खिलाफ पहले से ही दर्ज हैं आपराधिक मामले
कार्रवाई के दौरान फुरकान उर्फ मिर्ची और कामिल के पैरों में गोली लगी, जबकि सोहेल भागते समय गिरकर घायल हो गया। पुलिस ने मौके पर ही तीनों को काबू कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान फुरकान उर्फ मिर्ची निवासी अकबरपुर सुनहेटी, कामिल निवासी बढ़ेड़ और सोहेल निवासी कैराना, जिला शामली (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है। इनके कब्जे से दो अवैध पिस्तौल और चोरी की पिकअप बरामद की गई है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि तीनों आरोपी कुख्यात भैंस चोर गिरोह के सदस्य हैं और उत्तर प्रदेश, हरियाणा सहित विभिन्न राज्यों में इनके खिलाफ चोरी, लूट और अन्य संगीन अपराधों के तीन दर्जन से अधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस अब इनके आपराधिक नेटवर्क और अन्य वारदातों में संलिप्तता की गहन जांच कर रही है।