National Pulse Polio Campaign: गुरुग्राम जिला में 3.97 लाख बच्चों को पोलिरोधी दवा पिलाने के लक्ष्य की हुई शुरूआत

सिविल सर्जन ने बच्चों को पोलियो की दो बूंद पिलाकर किया अभियान का आगाज

Published On

गुरुग्राम (सच कहूँ/संजय कुमार मेहरा)। Gurugram News: जिला में रविवार से तीन दिवसीय राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान का शुभारंभ हो गया। इस अभियान के तहत 28 से 30 जून तक जिले के पांच वर्ष तक की आयु के प्रत्येक बच्चे को पोलियो रोधी खुराक पिलाई जाएगी। अभियान का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि जिले का कोई भी बच्चा इस जीवनरक्षक खुराक से वंचित न रहे और गुरुग्राम को पूरी तरह से पोलियो मुक्त बनाए रखने के राष्ट्रीय संकल्प को और अधिक मजबूती मिले।

सिविल सर्जन डॉ. लोकवीर सिंह ने नागरिक अस्पताल सेक्टर-10 तथा यूपीएचसी फिरोज गांधी कॉलोनी में बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाकर अभियान का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि पोलियो जैसी गंभीर बीमारी से बचाव का एकमात्र प्रभावी उपाय समय पर पोलियो रोधी खुराक है। उन्होंने बताया कि जिन बच्चों को पहले भी कई बार पोलियो की दवा पिलाई जा चुकी है, उन्हें भी इस अभियान के दौरान दो बूंद अवश्य पिलाई जानी चाहिए। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग की सभी टीमों से पूरी जिम्मेदारी और समर्पण के साथ अभियान को सफल बनाने का आह्वान किया।

जिला प्रतिरक्षण अधिकारी एवं डिप्टी सीएमओ डॉ. जयप्रकाश ने बताया कि अभियान के दौरान जिले में पांच वर्ष तक की आयु के तीन लाख 97 हजार 265 बच्चों को पोलियो रोधी खुराक पिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसके लिए पूरे जिले में 1613 पोलियो बूथ स्थापित किए गए हैं, जिनमें 1175 चार सदस्यीय तथा 313 दो सदस्यीय बूथ शामिल हैं। इसके अतिरिक्त 155 मोबाइल टीमें और 50 ट्रांजिट टीमें भी गठित की गई हैं, जो बस अड्डों, रेलवे स्टेशनों, निर्माण स्थलों, झुग्गी-झोपड़ियों तथा अन्य संवेदनशील क्षेत्रों में पहुंचकर बच्चों को पोलियो की दवा पिलाएंगी।

अभियान के सफल संचालन के लिए 5736 वैक्सीनेटर तथा 300 सुपरवाइजर तैनात किए गए हैं। इसके अलावा जिले के 501 उच्च जोखिम वाले क्षेत्रों को विशेष रूप से चिन्हित कर वहां सघन निगरानी और विशेष अभियान चलाया जाएगा। डॉ. जयप्रकाश ने बताया कि पहले दिन सभी पोलियो बूथों पर बच्चों को खुराक पिलाई जा रही है, जबकि 29 और 30 जून को स्वास्थ्य विभाग की टीमें घर-घर जाकर उन बच्चों को पोलियो रोधी खुराक पिलाएंगी, जो किसी कारणवश बूथ तक नहीं पहुंच सके। उन्होंने सभी अभिभावकों से अपील की कि वे अपने पांच वर्ष तक के प्रत्येक बच्चे को पोलियो की दो बूंद अवश्य पिलाएं और जिले को पोलियो मुक्त बनाए रखने में अपनी सक्रिय भागीदारी निभाएं।

Gurugram News  
Gurugram News: गुरुग्राम में बच्चों को पोलिरोधी दवा पिलाकर अभियान की शुरूआत करते सिविल सर्जन डा. लोकवीर सिंह।  

About The Author

Related Posts