बसताड़ा टोल पर लोकल चालकों को बड़ी राहत की तैयारी

मासिक 350 रुपए पास खत्म कर सालाना 2 हजार में अनलिमिटेड ट्रिप का प्लान

Published On

करनाल/घरौंडा (सच कहूँ न्यूज़)। Karnal News: बसताड़ा टोल प्लाजा पर लोकल वाहन चालकों को राहत देने की कवायद शुरू हो गई है। सरकार मासिक 350 रुपए के पास की जगह सालाना 2 हजार रुपए का पास लाने की तैयारी में है। इस पास में अनलिमिटेड ट्रिप की सुविधा देने पर विचार चल रहा है। नई व्यवस्था लागू होने के बाद स्थानीय लोगों को बार-बार टोल देने की परेशानी से छुटकारा मिल सकता है और आवाजाही आसान होगी।

रविवार को केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल का काफिला बसताड़ा टोल प्लाजा से गुजर रहा था। इसी दौरान उन्होंने काफिला रुकवाया और मौके पर मौजूद प्रदर्शनकारियों से बातचीत की। यहां युवा बोलेगा मंच, यूथ कांग्रेस और किसान यूनियन के पदाधिकारी लोकल पास और नई टोल व्यवस्था के खिलाफ विरोध कर रहे थे। प्रदर्शनकारियों ने नारेबाजी करते हुए अपनी मांगें रखीं। मंत्री ने उन्हें समझाया कि सरकार व्यवस्थाओं में सुधार कर रही है और लोकल चालकों के लिए नई पॉलिसी पर काम चल रहा है।

टोल प्लाजा पर एमएलएफएफ सिस्टम लागू होने के बाद हालात बदल गए हैं। पहले 20 किलोमीटर के दायरे में रहने वाले लोग अपनी पहचान दिखाकर टोल पार कर लेते थे, लेकिन अब हर वाहन के लिए फास्टैग जरूरी कर दिया गया है। इससे स्थानीय चालकों में नाराजगी बढ़ी है। इसी वजह से सामाजिक संगठनों ने टोल पर एकत्र होकर विरोध जताया और पुरानी व्यवस्था बहाल करने या नई राहत देने की मांग उठाई।

मंत्री बोले- सालाना पास पर चल रहा विचार, जल्द मिलेगा समाधान

मनोहर लाल ने मौके पर कहा कि लोकल वाहन चालकों की समस्या को समझते हुए सरकार सालाना पास योजना पर विचार कर रही है। इस पास की कीमत करीब 2 हजार रुपए सालाना हो सकती है और इसमें अनलिमिटेड ट्रिप की सुविधा मिलेगी। उन्होंने भरोसा दिलाया कि व्यवस्था में सुधार किया जाएगा और किसी को अनावश्यक परेशानी नहीं होने दी जाएगी।

टोल कर्मचारियों ने भी रखी नौकरी की मांग

टोल प्लाजा पर काम करने वाली लड़कियों ने भी मंत्री के सामने अपनी समस्या रखी। उन्होंने बताया कि एमएलएफएफ सिस्टम लागू होने के बाद उन्हें काम से हटा दिया गया है। उन्होंने रोजगार दिलाने की मांग की। इस पर मंत्री ने कहा कि सभी के रोजगार की चिंता की जा रही है और संबंधित विभाग इस दिशा में काम करेगा, ताकि उन्हें कहीं न कहीं रोजगार मिल सके।

Karnal News

About The Author

Related Posts