शिक्षा और रोजगार
मीरापुर में अवैध कोचिंग और लाइब्रेरी पर उठे सवाल, सुरक्षा मानकों की अनदेखी, छात्रों की जान जोखिम में!
मीरापुर में अवैध लाइब्रेरी और कोचिंग सेंटरों पर उठे सवाल, सुरक्षा व्यवस्था पर चिंता
मीरापुर (सच कहूँ/कोमल कुमार)। Mirapur News: कस्बे में इन दिनों अवैध रूप से संचालित हो रही लाइब्रेरी और कोचिंग सेंटरों को लेकर स्थानीय लोगों में चिंता बढ़ती जा रही है। बताया जा रहा है कि मीरापुर में इस समय एक दर्जन से अधिक लाइब्रेरी और कोचिंग सेंटर संचालित हो रहे हैं, जहां बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं पढ़ाई के लिए पहुंचते हैं। लेकिन इनमें से कई संस्थान सुरक्षा मानकों की अनदेखी करते हुए चलाए जा रहे हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि इन कोचिंग सेंटरों और लाइब्रेरी में न तो पर्याप्त इमरजेंसी सुविधाएं उपलब्ध हैं और न ही अग्निशमन जैसी सुरक्षा व्यवस्थाएं नजर आती हैं। कुछ संस्थान तहखानों में संचालित हो रहे हैं, जबकि कई दूसरी और तीसरी मंजिलों पर चल रहे हैं, जहां किसी भी आपात स्थिति में छात्रों को बाहर निकालना मुश्किल हो सकता है। कस्बे के जाटों वाला मोहल्ला, हाईवे के निकट और बस अड्डे के आसपास संचालित इन संस्थानों में प्रतिदिन भारी भीड़ देखने को मिलती है। ऐसे में लोगों को आशंका है कि यदि कोई हादसा होता है तो बड़ा नुकसान हो सकता है।
स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से मांग की है कि इन सभी लाइब्रेरी और कोचिंग सेंटरों की तत्काल जांच कराई जाए और सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित कराया जाए। लोगों का कहना है कि मुख्यमंत्री के निर्देशों के बावजूद अब तक मीरापुर में जांच के लिए कोई टीम नहीं पहुंची है। नागरिकों ने प्रशासन से अपील की है कि जल्द से जल्द कार्रवाई कर छात्रों की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए, ताकि उनके भविष्य के साथ किसी प्रकार का खिलवाड़ न हो सके।
