शिक्षा और रोजगार
मसानी में दो घंटे सड़क जाम के बाद बहाल हुई पेयजल आपूर्ति, ग्रामीणों ने खत्म किया धरना
पेयजल संकट से भड़के ग्रामीणों ने किया सड़क जाम, दो घंटे बाद स्थिति सामान्य
सलेमगढ़ मसानी/टिब्बी (सच कहूँ न्यूज़)। Salemgarh Masani Water Crisis: सलेमगढ़ मसानी गांव में पिछले पांच दिनों से गहराए पेयजल संकट के विरोध में रविवार को ग्रामीणों का आक्रोश फूट पड़ा। गांव के लोगों ने मसानी बस स्टैंड पर करीब दो घंटे तक सड़क जाम कर धरना-प्रदर्शन किया। ग्रामीणों का आरोप था कि गांव के दोनों वाटर वर्क्स की मोटर खराब होने के कारण पिछले कई दिनों से पेयजल आपूर्ति पूरी तरह ठप थी। भीषण गर्मी और उमस के बीच पानी नहीं मिलने से लोगों को पीने के पानी के साथ-साथ दैनिक जरूरतों के लिए भी भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था।
धरने की सूचना मिलते ही जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के एईएन प्रमोद कुमार और जेईएन कुलवंत सुथार मौके पर पहुंचे। साथ ही टिब्बी पुलिस मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने ग्रामीणों से वार्ता कर उनकी समस्याएं सुनीं तथा तत्काल खराब मोटर बदलकर जलापूर्ति बहाल कराने का आश्वासन दिया। विभाग की टीम ने मौके पर आवश्यक कार्यवाही करते हुए खराब मोटर बदल दी, जिसके बाद गांव में पेयजल आपूर्ति शुरू हो गई। पानी की आपूर्ति बहाल होने पर ग्रामीणों ने करीब दो घंटे बाद सड़क जाम समाप्त कर दिया।
वार्ता के दौरान ग्रामीणों ने गांव में बार-बार होने वाली पेयजल समस्या, पाइप लाइनों में लीकेज और जलापूर्ति व्यवस्था की अनियमितताओं को भी अधिकारियों के समक्ष रखा। इस पर विभागीय अधिकारियों ने गांव की सभी लीकेज पाइप लाइनों का सर्वे कर शीघ्र मरम्मत कार्य शुरू कराने, भविष्य में ऐसी स्थिति से बचने के लिए अतिरिक्त मोटर स्टैंडबाय रखने तथा फिल्टर प्लांट की नियमित सफाई सुनिश्चित कर शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने का भरोसा दिलाया।
ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि भविष्य में पेयजल व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ और समस्या दोबारा उत्पन्न हुई तो वे फिर से आंदोलन करने को मजबूर होंगे। उन्होंने विभाग से स्थायी समाधान की मांग करते हुए नियमित निगरानी की आवश्यकता भी जताई।
धरने में सरपंच बलजीत सिंह शेखों, पूर्व सरपंच सुब्बा सिंह रमाना, गुरमेल सिंह गिल, सुखदेव सिंह राणा, करनी सिंह, हाकम खान, मुमताज खान, कुलदीप सिंह, मुस्ताक खान, वीपी अरोड़ा, सोनी अठवाल, भागीराम, दीपक राणा, मुशे खान, पप्पा सिंह मिस्त्री, भोला सिंह, जस्सा सिंह, लाल खान, गोपाल सिंह सन्नी, काकूर हुसैन, जंगीर सिंह, गुरदीप सिंह गिल, मंगेज सिंह, सोनू टेलर, जेलदार सिंह ढिल्लों सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

About The Author