HTET Exam Update: 24 परीक्षा केंद्रों पर 14,238 अभ्यर्थी देंगे परीक्षा, सुरक्षा के कड़े इंतजाम

50 पुलिसकर्मी तैनात, केंद्रों के आसपास धारा-163 लागू, फोटोस्टेट दुकानें और कोचिंग संस्थान रहेंगे बंद

Published On

सरसा (सच कहूँ/सुनील वर्मा)। Sirsa News: हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड द्वारा 4 और 5 जुलाई को आयोजित की जा रही हरियाणा अध्यापक पात्रता परीक्षा (एचटेट) को लेकर जिला प्रशासन ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। दो दिनों तक चलने वाली इस परीक्षा में जिले के 24 परीक्षा केंद्रों पर कुल 14,238 अभ्यर्थी शामिल होंगे। परीक्षा को नकल रहित और पारदर्शी बनाने के लिए प्रशासन ने सुरक्षा और निगरानी के व्यापक प्रबंध किए हैं। सभी केंद्रों पर बायोमेट्रिक सत्यापन, सीसीटीवी कैमरे, जैमर और वीडियोग्राफी की व्यवस्था की गई है,

जबकि पुलिस प्रशासन ने भी सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं। अतिरिक्त उपायुक्त अर्पित संगल ने बताया कि परीक्षा केंद्रों पर बिजली, पेयजल, शौचालय और अन्य मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित कर दी गई हैं। अभ्यर्थियों की सहायता के लिए जिला प्रशासन ने कंट्रोल रूम स्थापित किया है, जिसका हेल्पलाइन नंबर 01666-247538 जारी किया गया है। इसके अलावा शिक्षा विभाग के नोडल अधिकारी अमित मनहर से भी संपर्क किया जा सकता है।

अभ्यर्थियों के लिए महत्वपूर्ण निर्देश

प्रशासन ने अभ्यर्थियों को परीक्षा शुरू होने से काफी पहले केंद्र पर पहुंचने की सलाह दी है, ताकि बायोमेट्रिक सत्यापन और सुरक्षा जांच में किसी प्रकार की परेशानी न हो। अधिकारियों का कहना है कि परीक्षा को निष्पक्ष, पारदर्शी और नकलमुक्त तरीके से संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक इंतजाम किए गए हैं और किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

केंद्रों के आसपास धारा-163 लागू

एचटेट परीक्षा को लेकर जिलाधीश शांतनु शर्मा ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता, 2023 के तहत परीक्षा केंद्रों के आसपास धारा-163 लागू करने के आदेश जारी किए हैं। परीक्षा समाप्त होने तक केंद्रों की 200 मीटर परिधि में हथियार लेकर जाने पर प्रतिबंध रहेगा। केवल वैध प्रवेश पत्र और पहचान पत्र वाले अभ्यर्थियों को ही केंद्र में प्रवेश मिलेगा। इसके अलावा परीक्षा केंद्रों से 500 मीटर की दूरी तक स्थित फोटोस्टेट की दुकानें और कोचिंग संस्थान बंद रहेंगे। केंद्रों के 200 मीटर क्षेत्र में वाहनों की पार्किंग भी प्रतिबंधित रहेगी। वाई-फाई आधारित उपकरणों, लाउडस्पीकर और किसी भी प्रकार के इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस के उपयोग पर भी रोक रहेगी।

केंद्रों पर पहुंचकर अधिकारियों ने जांची व्यवस्थाएं

परीक्षा से एक दिन पहले जिला शिक्षा अधिकारी सुभाष फुटेला सहित शिक्षा विभाग के अधिकारियों ने सभी परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान जहां भी कोई कमी मिली, उसे तुरंत दूर करवाया गया। अधिकारियों ने केंद्र अधीक्षकों को बोर्ड के निर्देशों की शत-प्रतिशत पालना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

550 पुलिसकर्मी संभालेंगे सुरक्षा की कमान

परीक्षा के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखने और नकल पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस विभाग ने भी व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की है। जिले के सभी 24 परीक्षा केंद्रों पर 550 पुलिस कर्मियों की तैनाती की गई है। शहर के प्रमुख स्थानों पर नाके लगाए जाएंगे और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी जाएगी। पुलिस कोचिंग संस्थानों, सार्वजनिक स्थलों और परीक्षा केंद्रों के आसपास विशेष निगरानी रखेगी। अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि केंद्रों के बाहर अनावश्यक भीड़ एकत्रित न होने दें और यातायात व्यवस्था सुचारू बनाए रखें।

पहले दिन पीजीटी और दूसरे दिन टीजीटी-पीआरटी की परीक्षा

परीक्षा कार्यक्रम के अनुसार 4 जुलाई को शाम की पाली में लेवल-3 (पीजीटी) की परीक्षा आयोजित होगी। इसके लिए जिले में 13 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां 3,910 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे। 5 जुलाई को सुबह 10 बजे से 12:30 बजे तक लेवल-2 (टीजीटी) की परीक्षा होगी। इसके लिए सभी 24 केंद्रों पर 7,463 अभ्यर्थी बैठेंगे। इसी दिन शाम 3 बजे से 5:30 बजे तक लेवल-1 (पीआरटी) की परीक्षा आयोजित की जाएगी, जिसमें 9 केंद्रों पर 2,865 परीक्षार्थी शामिल होंगे।

विवाहित महिलाओं और दिव्यांग अभ्यर्थियों को राहत

बोर्ड के निर्देशों के अनुसार विवाहित महिला अभ्यर्थियों को पूरी जांच के बाद मंगलसूत्र और बिंदी के साथ परीक्षा केंद्र में प्रवेश की अनुमति रहेगी। वहीं सिख धर्म के अनुयायियों को धार्मिक परंपरा के अनुसार कृपाण रखने की छूट दी गई है। दिव्यांग अभ्यर्थियों को बोर्ड के नियमों के तहत 50 मिनट का अतिरिक्त समय दिया जाएगा। हालांकि सभी अभ्यर्थियों के लिए मोबाइल फोन, स्मार्ट वॉच, ब्लूटूथ डिवाइस, पेजर और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण पूरी तरह प्रतिबंधित रहेंगे।

12th-Exam

About The Author

Related Posts