रेवाड़ी में पुलिस मुठभेड़, पैर में गोली लगने के बाद दो गिरफ्तार
पुलिस टीम पर की फायरिंग, बुलेटप्रूफ जैकेट ने बचाई सब-इंस्पेक्टर की जान
रेवाड़ी (सच कहूँ/महेन्द्र भारती)। Rewari News: रेवाड़ी जिले के जड़थल गांव के पास वीरवार देर रात पुलिस और दो बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस पर फायरिंग करने के बाद दोनों आरोपियों ने भागने का प्रयास किया, लेकिन जवाबी कार्रवाई में उनके पैरों में गोली लगने से वे घायल हो गए। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर उपचार के लिए रेवाड़ी ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया है। मुठभेड़ के दौरान सब-इंस्पेक्टर फखरूद्दीन की बुलेटप्रूफ जैकेट पर गोली लगने से उनकी जान बच गई।
पुलिस के अनुसार धारूहेड़ा क्राइम ब्रांच को सूचना मिली थी कि 28 जून को बखापुर गांव में हुई फायरिंग के आरोपी कच्चे रास्ते से जड़थल की ओर आने वाले हैं। सूचना के आधार पर क्राइम ब्रांच प्रभारी योगेश के नेतृत्व में टीम ने नाकाबंदी कर वाहनों की जांच शुरू की। इसी दौरान मोटरसाइकिल पर सवार दो संदिग्ध युवक वहां पहुंचे। पुलिस ने उन्हें रुकने का संकेत दिया तो उन्होंने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। फायरिंग के दौरान एक गोली सब-इंस्पेक्टर फखरूद्दीन की बुलेटप्रूफ जैकेट पर लगी। इसके बाद पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें दोनों बदमाशों के पैरों में गोली लगी और वे मौके पर ही घायल होकर गिर पड़े। पुलिस ने तुरंत दोनों को हिरासत में लेकर अस्पताल पहुंचाया।
घायल आरोपियों की पहचान रेवाड़ी के बोलनी निवासी मोहन और राजस्थान के खुशखेड़ा निवासी गोविंद के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार दोनों के खिलाफ हत्या, हत्या के प्रयास, लूट, डकैती, फिरौती और चोरी सहित करीब 22 आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि दोनों आरोपियों से पूछताछ कर उनके आपराधिक नेटवर्क और अन्य वारदातों के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है।

About The Author