मूसलाधार बारिश और आंधी से जाखल बेहाल; राइस शैलरों में लाखों का चावल भीगा, सड़कें बनीं दलदल
जल निकासी व्यवस्था की खुली पोल, राइस शैलरों में तिरपाल के सहारे माल बचाने में जुटे कर्मचारी, व्यापारियों ने की प्रशासन से मुआवजे और मरम्मत की मांग
जाखल (सच कहूँ/तरसेम सिंह)। Jakhal News: बुधवार देर रात आए तेज आंधी-तूफान और मूसलाधार बारिश ने जाखल शहर की नागरिक व्यवस्थाओं की पोल खोलकर रख दी है। नालों की सफाई न होने और खराब जल निकासी व्यवस्था के कारण शहर के प्रमुख बाजारों, मोहल्लों और मुख्य सड़कों पर घंटों पानी जमा रहा। इस प्राकृतिक आपदा ने सबसे बड़ा घाव स्थानीय व्यापार और बुनियादी ढांचे को दिया है।गोदामों में घुसा पानी, लाखों का नुकसान।
सड़कें बनीं दलदल, दुर्घटना का बढ़ा खतरा
बारिश के बाद शहर की सड़कें तालाब में तब्दील हो गईं। विशेष रूप से चंडीगढ़ रोड से पुराने गैस एजेंसी मार्ग की स्थिति इतनी बदतर हो गई कि पूरी सड़क कीचड़ और दलदल में बदल गई। सड़क पर बने गहरे गड्ढों में पानी भरने के कारण दोपहिया वाहन चालक लगातार फिसलते नजर आए, वहीं चारपहिया वाहनों को भी निकलने में भारी मशक्कत करनी पड़ी। स्थानीय लोगों का कहना है कि यह सड़क पहले से ही जर्जर थी, लेकिन इस बारिश ने हालात को और अधिक गंभीर बना दिया है।
जनता और व्यापारियों ने की कार्रवाई की मांग
इस भारी अव्यवस्था से आक्रोशित स्थानीय व्यापारियों और नागरिकों ने प्रशासन से गुहार लगाई है।
उन्होंने मांग की है कि शहर की जल निकासी व्यवस्था को तुरंत मजबूत किया जाए।
सभी छोटे-बड़े नालों की नियमित सफाई सुनिश्चित हो।
क्षतिग्रस्त और बदहाल सड़कों की जल्द मरम्मत कराई जाए।
औद्योगिक क्षेत्रों में सुरक्षा और बुनियादी सुविधाओं पर विशेष ध्यान दिया जाए ताकि भविष्य में ऐसी स्थिति दोबारा न बने।
