शिक्षा और रोजगार
Cricket News: 'विराट' का राष्ट्रीय अंडर-17 क्रिकेट टीम में चयन, पूर्व भारतीय क्रिकेटर एवं मुख्य कोच ने की जमकर तारीफ
जाखल के लाल 13 वर्षीय विराट ने किया विश्व स्तर पर कमाल
जाखल, (सच कहूँ/तरसेम सिंह)। जाखल नगर के लिए यह सचमुच बेहद गर्व, हर्ष और ऐतिहासिक क्षण है। हमारे जाखल निवासी और सेवानिवृत्त प्रिंसिपल आचार्य अश्वनी कुमार शर्मा के पौत्र, मात्र 13 वर्षीय विराट इंद्र का चयन कनाडा की राष्ट्रीय अंडर-17 क्रिकेट टीम में हुआ है। विराट वर्तमान में कनाडा के सेसकाटून शहर में अपने पिता सुरेश इंद्र के साथ रहते हैं। विशेष और अनोखी बात यह है कि इस उच्च आयु वर्ग की राष्ट्रीय टीम में चयनित होने वाले विराट सबसे कम उम्र के खिलाड़ी हैं। Cricket News

13 साल के बच्चे का 17 वर्ष तक के सीनियर खिलाड़ियों के बीच अपनी जगह बनाना कोई साधारण उपलब्धि नहीं है। यह उसकी कड़ी मेहनत, कड़े अनुशासन, अटूट लगन और क्रिकेट के प्रति उसके गहरे समर्पण का ही सीधा परिणाम है। कनाडा के ठंडे वातावरण में रहने के बावजूद विराट विशेष रूप से भारत आया और यहाँ अप्रैल, मई और जून की 45 डिग्री वाली झुलसाने वाली भीषण गर्मी, तेज धूप और लू की परवाह किए बिना लगातार तीन महीने पसीना बहाया। उसने 'दिनेश मोंगिया क्रिकेट अकादमी' में कोचों की देखरेख में दिन-रात कड़ी ट्रेनिंग कर अपनी तकनीक और खेल को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर निखारा।
पूरे जाखल नगर का नाम है साथ
आज विराट मैदान में केवल अपने लिए नहीं उतर रहा। उसके साथ उसके माता-पिता का नाम है, उसके पूजनीय दादा-दादी का आशीर्वाद है और सबसे बढ़कर पूरे जाखल नगर का नाम और उसकी साख है। जाखल के इस होनहार लाल की इस असाधारण उपलब्धि पर पूरे क्षेत्र में खुशी की लहर है और नगरवासी परिवार को बधाइयां दे रहे हैं। पूरा जाखल नगर आज अपने इस लाडले बेटे को दुआएं देते हुए कह रहा है— "विराट इंद्र, हमें तुम पर गर्व है। तुम खूब खेलो, आगे बढ़ो और एक दिन क्रिकेट की दुनिया में अपना तथा जाखल का नाम और ऊंचा करो।"
विराट के भीतर क्रिकेट को लेकर जो जुनून है, वह इस उम्र के बच्चों में कम ही देखने को मिलता है। जब वह कनाडा से यहाँ आया, तो उसने अप्रैल-जून की 45 डिग्री वाली तपती गर्मी में भी एक दिन की छुट्टी नहीं ली। उसका अनुशासन और कड़ा अभ्यास ही उसकी सबसे बड़ी ताकत है। मुझे पूरा विश्वास है कि वह अंडर-17 राष्ट्रीय टीम में बेहतरीन प्रदर्शन कर न सिर्फ कनाडा में बल्कि पूरे विश्व में जाखल और अपने परिवार का नाम रोशन करेगा।"
दिनेश मोंगिया (पूर्व भारतीय क्रिकेटर एवं मुख्य कोच)