Fraud Alert: कैथल में क्रेडिट कार्ड से कमाई का झांसा देकर 14 लाख की ठगी
अंतत: रकम लौटाने का आश्वासन देते रहे, लेकिन देने से कर दिया इनकार
कैथल, (सच कहूँ/कुलदीप नैन)। क्रेडिट कार्ड के जरिए अतिरिक्त कमाई कराने का झांसा देकर एक युवक से करीब 14 लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। आरोप है कि तीन लोगों ने पहले युवक का विश्वास जीता, फिर उसके के्रडिट कार्ड की जानकारी और मोबाइल पर आए ओटीपी लेकर कार्ड से लाखों रुपये की खरीदारी कर ली। बाद में रकम लौटाने का आश्वासन देते रहे, लेकिन अंतत: देने से इनकार कर दिया। Kaithal News
शिकायतकर्ता अर्जुन नगर निवासी प्रदीप कुमार ने पुलिस को बताया कि वह निजी कार्य करता है और उसके विभिन्न बैंकों के के्रडिट कार्ड बने हुए हैं। उसके परिचित मनीष गर्ग ने उसे बताया कि के्रडिट कार्ड के माध्यम से अच्छा मुनाफा कमाया जा सकता है। इसी बहाने उसने प्रदीप की मुलाकात सारांश जैन से कराई।
प्रदीप के अनुसार, मार्च महीने में सारांश जैन ने उसके के्रडिट कार्ड अपने पास लेकर कार्ड की पूरी जानकारी और मोबाइल पर प्राप्त होने वाले ओटीपी मांगे। आरोप है कि इसके बाद सारांश ने हिसार निवासी वेदांग तायल और तरुण के साथ मिलकर उसके के्रडिट कार्डों का इस्तेमाल करते हुए करीब 14 लाख रुपये के सामान की खरीदारी कर डाली। जब प्रदीप ने खर्च के बारे में सवाल किया तो आरोपियों ने जल्द ही पूरी राशि मुनाफे सहित लौटाने का भरोसा दिया। काफी समय तक वे अलग-अलग बहाने बनाते रहे और बाद में साफ तौर पर पैसे लौटाने से मना कर दिया। Kaithal News