शिक्षा और रोजगार
हांसी को विकास की चार बड़ी सौगात, विधायक भयाना ने करोड़ों की परियोजनाओं का किया शुभारंभ
रेडक्रॉस कार्यालय, मंडी जीर्णोद्धार, मल्टीपर्पज हॉल और हाईटेक वीसी हॉल का शुभारंभ
हांसी (सच कहूँ/मुकेश)। Hansi News: हांसी शहर को सोमवार को विकास की चार महत्वपूर्ण सौगातें मिलीं। विधायक विनोद भयाना ने जिला रेडक्रॉस सोसायटी के नए कार्यालय, नई व अतिरिक्त अनाज मंडी में 1.09 करोड़ रुपये के जीर्णोद्धार कार्य, पुरानी कचहरी में बनने वाले 10.84 करोड़ रुपये के अत्याधुनिक बहुउद्देशीय हॉल तथा जिला सचिवालय में 35.50 लाख रुपये की लागत से तैयार वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग हॉल का शुभारंभ किया। इन परियोजनाओं से सामाजिक सेवा, कृषि अवसंरचना, नागरिक सुविधाओं और प्रशासनिक कार्यप्रणाली को नई गति मिलेगी।
बीडीपीओ कार्यालय परिसर में जिला रेडक्रॉस सोसायटी के नए कार्यालय का उद्घाटन करते हुए विधायक विनोद भयाना ने कहा कि रेडक्रॉस जरूरतमंदों की निस्वार्थ सेवा करने वाली विश्व की सबसे बड़ी संस्थाओं में से एक है। नए कार्यालय के शुरू होने से रक्तदान, दिव्यांग सहायता, स्वास्थ्य शिविर और अन्य सामाजिक गतिविधियों का दायरा और बढ़ेगा। इस दौरान उपायुक्त एवं रेडक्रॉस सोसायटी के अध्यक्ष राहुल नरवाल ने रक्तदाताओं को सम्मानित किया। कार्यक्रम में दिव्यांगजनों को कृत्रिम अंग एवं सहायक उपकरण भी वितरित किए गए।
मंडी में 1.09 करोड़ से सुधरेंगी सड़कें और शेड
विधायक ने नई और अतिरिक्त अनाज मंडी में 109.98 लाख रुपये की लागत से आंतरिक सड़कों और शेडों के जीर्णोद्धार कार्य का भी शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि परियोजना से किसानों, आढ़तियों और व्यापारियों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी तथा कृषि उपज के परिवहन और भंडारण व्यवस्था में सुधार होगा। हरियाणा राज्य कृषि विपणन बोर्ड की इस परियोजना को 10 माह में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।
पुरानी कचहरी में बनेगा अत्याधुनिक मल्टीपर्पज हॉल
शहर को लगभग 10.85 करोड़ रुपये की लागत से पुरानी कचहरी परिसर में आधुनिक बहुउद्देशीय हॉल की सौगात भी मिलेगी। करीब 39,973 वर्ग फुट क्षेत्र में बनने वाले इस भवन में 225 लोगों की क्षमता वाला वातानुकूलित हॉल, प्री-फंक्शन एरिया, रसोईघर, पैंट्री, अतिरिक्त हॉल, अतिथि कक्ष, लिफ्ट, आधुनिक शौचालय और पार्किंग जैसी सुविधाएं विकसित की जाएंगी। विधायक ने कहा कि यह भवन सामाजिक, सांस्कृतिक, शैक्षणिक और सरकारी कार्यक्रमों के लिए शहर का प्रमुख केंद्र बनेगा तथा नागरिकों को आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराएगा।
जिला सचिवालय में हाईटेक वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग हॉल
विधायक ने जिला सचिवालय स्थित उपायुक्त कार्यालय में 35.50 लाख रुपये की लागत से तैयार अत्याधुनिक वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग हॉल का भी उद्घाटन किया। उपायुक्त राहुल नरवाल ने बताया कि 50 अधिकारियों की क्षमता वाले इस हॉल में चार बड़ी एलईडी स्क्रीन, आधुनिक आॅडियो-विजुअल सिस्टम और अत्याधुनिक वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग तकनीक स्थापित की गई है। इससे राज्य और केंद्र सरकार के साथ बेहतर समन्वय, समीक्षा बैठकें और प्रशिक्षण कार्यक्रम अधिक प्रभावी ढंग से संचालित किए जा सकेंगे।