शिक्षा और रोजगार
Bomb Threat: मोहाली और लुधियाना के स्कूलों को मिली बम से उड़ाने की धमकी, स्कूलों को करवाया खाली
केवीएम सिटी स्कूल को बम से उड़ाने की धमकी
मोहाली (सच कहूँ न्यूज)। Mohali News: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के 17 जुलाई के संभावित पंजाब-चंडीगढ़ दौरे से पहले मोहाली के छह स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी मिलने से सोमवार को सुरक्षा एजेंसियों में हड़कंप मच गया। धमकी भरा ई-मेल मिलने के बाद सभी प्रभावित स्कूलों को तत्काल खाली कराया गया और विद्यार्थियों को सुरक्षित उनके घर भेज दिया गया।
फेज-6 स्थित शिवालिक पब्लिक स्कूल को सुबह करीब नौ बजे ई-मेल आई, जब स्कूल में दूसरे घंटे की पढ़ाई चल रही थी। ई-मेल में दावा किया गया कि स्कूल निशाने पर हैं और 17 जुलाई को भी बम धमाके किए जाएंगे। साथ ही जालंधर और चंडीगढ़ रेलवे स्टेशन को भी निशाना बनाने की धमकी दी गई। ई-मेल में लोगों को प्रधानमंत्री की रैलियों में शामिल न होने की चेतावनी भी दी गई।
धमकी भरे संदेश में अभिनेता दिलजीत दोसांझ और केंद्रीय राज्य मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू का भी उल्लेख किया गया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पंजाब पुलिस, चंडीगढ़ पुलिस और केंद्रीय सुरक्षा एजेंसियों ने जांच शुरू कर दी। स्कूल परिसरों की तलाशी ली गई और सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई।
केवीएम सिटी स्कूल को बम से उड़ाने की धमकी
लुधियाना (सुरेन्द्र कुमार शर्मा)। स्थानीय रेलवे स्टेशन के निकट स्थित प्रसिद्ध के.वी.एम. सिटी स्कूल में सोमवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब स्कूल प्रशासन को एक अज्ञात ई-मेल के माध्यम से स्कूल को बम से उड़ाने की धमकी मिली। घटना की जानकारी मिलते ही स्कूल स्टाफ, विद्यार्थियों और अभिभावकों में अफरा-तफरी मच गई तथा पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया। स्कूल के प्रिंसिपल पंकज जोशी ने बताया कि सुबह करीब 10:30 बजे स्कूल की आधिकारिक ई-मेल आईडी पर एक धमकी भरा संदेश प्राप्त हुआ।
ई-मेल में स्कूल परिसर में बम होने का दावा किया गया था, हालांकि यह स्पष्ट नहीं था कि संदेश किस व्यक्ति या संगठन की ओर से भेजा गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए स्कूल स्टाफ ने तुरंत प्रिंसिपल को सूचना दी, जिन्होंने बिना देर किए स्थानीय पुलिस प्रशासन को इसकी जानकारी दी। आपात स्थिति में की गई छुट्टी, सामान्य दिनों में स्कूल की छुट्टी दोपहर 1:40 बजे होती है, लेकिन आपात स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने तत्काल विद्यार्थियों की छुट्टी कर दी। अभिभावकों को फोन और आपात संदेश भेजकर बच्चों को तुरंत घर ले जाने के लिए कहा गया। विद्यार्थियों को सुरक्षित घर भेजने के बाद स्कूल के शिक्षकों और अन्य कर्मचारियों को भी घर भेज दिया गया।
बम निरोधक दस्ते और पुलिस ने चलाया तलाशी अभियान
सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी, बम निरोधक दस्ता और अन्य जांच एजेंसियाँ मौके पर पहुंच गर्इं। पुलिस और जांच टीमों ने करीब एक घंटे तक स्कूल परिसर के हर हिस्से की गहन तलाशी ली। इस दौरान कक्षाओं, शौचालयों तथा कार्यालयों की बारीकी से जांच की गई। पुलिस सूत्रों के अनुसार, अब तक स्कूल परिसर से कोई भी संदिग्ध या आपत्तिजनक वस्तु बरामद नहीं हुई है और स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है। प्रिंसिपल पंकज जोशी ने बताया कि यह धमकी केवल के.वी.एम. स्कूल की एक शाखा को मिली है। उन्होंने कहा कि कुछ लोगों के अनुसार अन्य स्कूलों को भी इसी तरह की धमकियाँ मिलने की चर्चा है।