शिक्षा और रोजगार
भाखड़ा नहर से मिला 4 दिनों से लापता किशोर का शव
जंगल में मिली थी बाइक, चार दिन बाद नहर से मिला किशोर का शव
कुरुक्षेत्र (सच कहूँ/आरडी गोयल)। Kurukshetra: पिछले चार दिनों से लापता किशोर का शव कुरुक्षेत्र के गांव दबखेड़ी नजदीक भाखड़ा नरवाना ब्रांच नहर से मिला है। किशोर 15 जुलाई से लापता था। मृतक की पहचान नई निहारसी जिला अंबाला के 17 साल के अभीजोत के रूप में हुई है। पिता निर्मल सिंह ने बताया कि उसका बेटा अभीजोत 15 जुलाई को अपनी बाइक पर घर से निकला था। आखिरी बार 15 जुलाई को ही दोपहर बाद उसकी अभीजोत के साथ बात हुई थी। इसके बाद उसका फोन बंद हो गया था। अभीजोत 10वीं कक्षा के बाद पिता के साथ राजमिस्त्री का काम सीख रहा था।
तलाश के दौरान उनको अभीजोत की बाइक नहर से करीब 7 किलोमीटर दूर जंगल में लावारिस हालत में मिली थी। निर्मल सिंह की शिकायत पर अंबाला के नग्गल थाना की नन्यौला पुलिस चौकी में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज की गई थी। शनिवार को भाखड़ा नहर में शव बहने की सूचना पर गोताखोर प्रगट सिंह मौके पर पहुंचे। उन्होंने तुरंत शव को नहर से बाहर निकाला और पुलिस को सूचना दी। इस दौरान परिवार भी मौके पर आ गया, जिसने अभीजोत के रूप में शव की पहचान की। निर्मल सिंह ने अभिजोत के दोस्तों पर नहर में धक्का देने का आरोप भी लगाया है। मौके पर पहुंचे नन्यौला पुलिस चौकी में तैनात जांच अधिकारी एसआई सतबीर कुमार के अनुसार पोस्टमार्टम की रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई होगी।