शिक्षा और रोजगार
विक्रांत उर्फ जॉनी के रूप में हुई सहपत में मिले शव की शिनाख्त
15 दिन बाद हुई सहपत के जंगल में मिले शव की पहचान, बागपत का निकला युवक
कैराना (सच कहूँ न्यूज़)। Kairana News: पंद्रह दिन पूर्व गांव सहपत के जंगल में स्थित धान के खेत से बरामद हुए शव की पहचान जनपद बागपत के छपरौली थानाक्षेत्र के गांव कुरड़ी निवासी विक्रांत उर्फ जॉनी के रूप में हुई है। पुलिस मामले में अग्रिम कार्यवाही में जुटी है।
गांव सहपत निवासी ऋषिपाल का खेत यमुना के खादर क्षेत्र में स्थित है। विगत 03 जुलाई को ऋषिपाल के धान के खेत में एक अज्ञात व्यक्ति का शव पड़ा होने की सूचना पुलिस को मिली थी, जिस पर तीतरवाड़ा चौकी प्रभारी एसआई पवन चौधरी ने पुलिस टीम के साथ में मौके पर पहुंचकर शव को अपने कब्जे में ले लिया था। उन्होंने मृतक की शिनाख्त के काफी प्रयास किये थे। बाद में सीओ कैराना हेमंत कुमार व कोतवाली प्रभारी निरीक्षक सतीश कुमार ने भी मौके पर पहुंचकर मामले की जानकारी हासिल की थी। फॉरेंसिक टीम ने भी मौके पर पहुंचकर साक्ष्य एकत्र किए थे। गहनता से जांच-पड़ताल करने के पश्चात मृतक के शव को पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया था।
मृतक के शरीर के ज्यादातर हिस्से को कीड़ों ने खा लिया था, जिस कारण शव काफी पुराना प्रतीत हो रहा था। मृतक की शिनाख्त न होने पर पुलिस ने 72 घंटे बाद शव का लावारिस में अंतिम संस्कार कर दिया था। हालांकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मृत्यु का स्पष्ट कारण पता न चलने पर शव का विसरा जांच के लिए प्रयोगशाला भेज दिया गया था। शव बरामद होने के पंद्रह दिन बाद मृतक की पहचान विक्रांत उर्फ जॉनी निवासी ग्राम कुरड़ी थाना छपरौली जनपद बागपत के रूप में हुई है। परिजनों ने पुलिस द्वारा वायरल किये गए फोटो से मृतक की पहचान की है। वहीं, कैराना कोतवाली प्रभारी निरीक्षक सतीश कुमार ने बताया कि सहपत के जंगल से बरामद मृतक के शव की शिनाख्त हुई है। छपरौली थाने में मामले के सम्बन्ध में मुकदमा दर्ज है।
