फरार आरोपी को पकड़ने गई आबकारी टीम पर हमला

सरकारी बोलेरो में तोड़फोड़, प्रहराधिकारी के पैर में आई चोट, जंक्शन थाना में मामला दर्ज

Published On

हनुमानगढ़। गांव मक्कासर में हथकढ़ शराब के मामले में फरार चल रहे आरोपी को गिरफ्तार करने पहुंची आबकारी निरोधक दल की टीम पर हमला करने और सरकारी वाहन में तोड़फोड़ करने का मामला सामने आया है। हमले में आबकारी विभाग के प्रहराधिकारी वीरेंद्र सिंह के पैर में चोट आई, जबकि सरकारी बोलेरो वाहन को भी नुकसान पहुंचाया गया। घटना के बाद जंक्शन पुलिस थाना में विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। Hanumangarh News

पुलिस में दर्ज एफआईआर के अनुसार आबकारी निरोधक दल हनुमानगढ़ के प्रहराधिकारी वीरेंद्र सिंह (54) पुत्र लक्ख सिंह निवासी वार्ड नंबर 10, गांव चिचड़ोली जिला झुंझुनूं ने रिपोर्ट देकर बताया कि 17 जुलाई को वह अपनी टीम के साथ फरार आरोपी दीपचंद उर्फ दीपा पुत्र अर्जुनराम सोरगर निवासी मक्कासर को गिरफ्तार करने के लिए गांव मक्कासर पहुंचे थे। टीम में सिपाही ओमप्रकाश, राजवीर, रोहिताश्व तथा आरएचजी पूजा शामिल थीं।

टीम अनुबंधित बोलेरो वाहन आरजे 31 टीए 1287 से मौके पर पहुंची थी। एफआईआर के अनुसार आबकारी विभाग के प्रकरण संख्या 78/2025-26 एवं 80/2025-26 में फरार आरोपी दीपचंद उर्फ दीपा की गिरफ्तारी के लिए शाम करीब 5.45 बजे उसके घर पहुंचने पर उसकी मां और पुत्री घर पर मिलीं। पूछताछ करने पर उन्होंने बताया कि दीपचंद चंडीगढ़ गया हुआ है। रिपोर्ट में बताया गया है कि टीम वापस लौटने लगी तो इसी दौरान दीपचंद का पुत्र विक्रम उर्फ संजू दो अन्य युवकों के साथ गली से आया और तीनों ने सरकारी बोलेरो पर लकड़ी और ईंट-पत्थरों से हमला कर दिया। Hanumangarh News

इससे वाहन क्षतिग्रस्त हो गया। जब आबकारी टीम ने उन्हें रोकने का प्रयास किया तो तीनों ने टीम की ओर ईंट-पत्थर फेंकने शुरू कर दिए और लकड़ियों से हमला करने का प्रयास किया। इसी दौरान विक्रम उर्फ संजू के साथ आए एक युवक ने लकड़ी से वार कर प्रहराधिकारी वीरेंद्र सिंह के बाएं पैर पर चोट पहुंचाई। घटना के बाद तीनों मौके से फरार हो गए।

रिपोर्ट में आरोप लगाया गया है कि आरोपियों ने राजकार्य में बाधा पहुंचाई, सरकारी वाहन को नुकसान पहुंचाया तथा सरकारी कर्मचारियों पर हमला किया। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। जांच सहायक उप निरीक्षक हंसराज को सौंपी गई है। पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई शुरू कर दी है। Hanumangarh News

About The Author

Related Posts