शिक्षा और रोजगार
कैराना में डीएम-एसपी ने सुनी जनसमस्याएं, 28 में से तीन शिकायत निस्तारित
जिलाधिकारी ने मातहतों को शिकायतों के निस्तारण में पारदर्शी व निष्पक्ष दृष्टिकोण अपनाने के दिए निर्देश, तहसील मुख्यालय पर आयोजित हुआ सम्पूर्ण समाधान दिवस
कैराना (सच कहूँ न्यूज़)। Kairana News: डीएम आलोक यादव की अध्यक्षता में तहसील मुख्यालय पर सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इस दौरान जिलाधिकारी ने कहा कि संपूर्ण समाधान दिवस में प्राप्त होने वाली शिकायतों का शासन की मंशा के अनुरूप त्वरित, पारदर्शी, निष्पक्ष व धरातलीय निस्तारण सुनिश्चित करें। इसमें लापरवाही कतई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इस दौरान विभिन्न मामलों से सम्बंधित 28 शिकायती-पत्र प्राप्त हुए, जिनमें से मात्र तीन शिकायतों का ही मौके पर निस्तारण हो पाया।
शनिवार को जिलाधिकारी आलोक यादव व पुलिस अधीक्षक नरेन्द्र प्रताप सिंह तहसील मुख्यालय पर पहुंचे। जहां पर उन्होंने तहसील के सभागार कक्ष में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में जनसमस्याएं सुनी। डीएम ने कहा कि संपूर्ण समाधान दिवस में आने वाली शिकायतों को संबंधित अधिकारी गंभीरता से लें और शासन की मंशा के अनुरूप उनका समयबद्ध निस्तारण किया जाए। उन्होंने कहा कि शिकायती पत्रों के निस्तारण में हीलाहवाली कतई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। यदि ऐसा पाया गया, तो कार्यवाही निश्चित है। वहीं, एसपी ने कहा कि पुलिस विभाग से संबंधित मामलों में तत्काल संज्ञान लेकर आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करें। थानों पर आने वाले पीड़ितों के साथ में नरमी से पेश आए तथा दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्यवाही की जाए।
इस दौरान विभिन्न मामलों से सम्बंधित कुल 28 शिकायती प्रार्थना-पत्र प्राप्त हुए, जिनमें से मौके पर तीन का निस्तारण कर दिया गया। शेष शिकायती-पत्रों को संबंधित विभागों को प्रेषित कर उनके यथाशीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए गए है। इस अवसर पर सीएमओ डॉ. कृष्ण गोपाल , जिला कृषि अधिकारी प्रदीप कुमार, जिला पूर्ति अधिकारी अंकुर यादव, एसडीएम शिवाजी यादव, सीओ हेमंत कुमार, तहसीलदार अर्जुन चौहान, नायब तहसीलदार सतीश यादव व आकाश चौधरी, आपूर्ति निरीक्षक संदीप मौर्य व शौदान सिंह, कोतवाली प्रभारी निरीक्षक कैराना सतीश कुमार, बीडीओ बृजेश गुप्ता, एडीओ पंचायत कैराना राहुल पंवार, लेखपाल लवकेश तंवर, अनुराग पंवार, अंकित गुलियां, मुज्जकिर खान, विजित पंवार आदि मौजूद रहे।
