शिक्षा और रोजगार
Ghaziabad News: शिवभक्तों की बम-बम से तकलीफ होती थी, बम बनाने वालों से नहीं: योगी
गाजियाबाद में 868 करोड़ की 90 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण-शिलान्यास
गाजियाबाद(सच कहूँ /रविंद्र सिंह)। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को गाजियाबाद में 868 करोड़ रुपये से अधिक लागत की 90 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास करते हुए विपक्ष पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि कांग्रेस और समाजवादी पार्टी आस्था की बात करती हैं, लेकिन इन्हीं लोगों ने कांवड़ यात्रा, श्रीकृष्ण जन्माष्टमी, रामनवमी की शोभायात्राओं और दुर्गा पूजा पंडालों पर रोक लगाई थी। उन्होंने कहा, "इन लोगों को व्यापारी पर बम फेंकने और कट्टा-बम बनाने वालों से परेशानी नहीं थी, लेकिन 'हर-हर' और 'बम-बम' का उद्घोष करते शिवभक्तों से तकलीफ होती थी।" Ghaziabad News
मुरादनगर में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने पूर्व कैबिनेट मंत्री स्व. राजपाल सिंह त्यागी की प्रतिमा का अनावरण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने विभिन्न विभागों की प्रदर्शनी का अवलोकन किया, बच्चों का अन्नप्राशन संस्कार कराया और जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों को सहायता वितरित की।मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2017 से पहले कांवड़ यात्रा को दंगों का कारण बताकर प्रतिबंधित करने की तैयारी होती थी, जबकि उनकी सरकार ने शिवभक्तों को सुरक्षा और सम्मान के साथ यात्रा की सुविधा उपलब्ध कराई। उन्होंने कांवड़ संघों से यात्रा की मर्यादा और अनुशासन बनाए रखने की अपील भी की।
सुशासन, स्वच्छता और आधुनिक आधारभूत संरचना का मॉडल बना गाजियाबाद :सीएम
गाजियाबाद के विकास का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि एक दशक पहले यह शहर गैंगवार, गुंडागर्दी और गंदगी के लिए बदनाम था, जबकि आज यह सुशासन, स्वच्छता और आधुनिक आधारभूत संरचना का मॉडल बन चुका है। उन्होंने कहा कि दिल्ली-मेरठ नमो भारत रेल, दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे, ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे और हिंडन सिविल टर्मिनल जैसी परियोजनाओं ने गाजियाबाद को नई पहचान दी है। उन्होंने खा कि आज गाजियाबाद एनसीआर और दिल्ली के ग्रोथ इंजन के रूप में अपनी भूमिका निभा रहा है। Ghaziabad News
कानून व्यवस्था से निवेश, रोजगार और विकास को मिली गति
मुख्यमंत्री ने कहा कि बेहतर कानून व्यवस्था से निवेश, रोजगार और विकास को गति मिली है। उन्होंने आरोप लगाया कि पूर्ववर्ती सरकारों में योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक नहीं पहुंचता था, जबकि वर्तमान सरकार ने पारदर्शी व्यवस्था के माध्यम से जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ सीधे लाभार्थियों तक पहुंचाया है।कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री सुनील कुमार शर्मा, राज्यमंत्री नरेन्द्र कश्यप, सांसद अतुल गर्ग, सांसद राजकुमार सांगवान, विधायक अजीत पाल त्यागी, डॉ. मंजू सिवाच सहित कई जनप्रतिनिधियों ने भी संबोधित किया और स्व. राजपाल सिंह त्यागी के योगदान को याद करते हुए प्रदेश सरकार की विकास नीतियों की सराहना की।
कार्यक्रम में ये गणमान्य रहे मौजूद
कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री सुनील कुमार शर्मा, राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) नरेंद्र कश्यप, सांसद अतुल गर्ग, सांसद डॉ. राजकुमार सांगवान, महापौर सुनीता दयाल, विधायक अजीत पाल त्यागी, डॉ. मंजू सिवाच, नंदकिशोर गुर्जर सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी मौजूद रहे। मुख्यमंत्री योगी ने अपने संबोधन में स्व. राजपाल सिंह त्यागी को जनसेवा के प्रति समर्पित और लोकप्रिय जननेता बताते हुए उन्हें आदर्श राजनेता की संज्ञा दी। Ghaziabad News