शिक्षा और रोजगार
Sports: कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय का सितारा जकार्ता में चमका, गंगा ने जीता एशियन यू-23 स्वर्ण
एशियन यू-23 पुरुष एवं महिला बॉक्सिंग चैंपियनशिप-2026 में भारतीय मुक्केबाजों का दमदार प्रदर्शन
कुरुक्षेत्र, (सच कहूँ न्यूज)। एशियन यू-23 पुरुष एवं महिला बॉक्सिंग चैंपियनशिप-2026 में भारतीय मुक्केबाजों ने दमदार प्रदर्शन करते हुए अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत का गौरव बढ़ाया। जकार्ता (इंडोनेशिया) में 5 से 17 जुलाई तक आयोजित इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में भारतीय यू-23 पुरुष बॉक्सिंग टीम ने 2 स्वर्ण, 1 रजत और 3 कांस्य पदक सहित कुल 6 पदक जीतकर एशिया में अपनी मजबूत दावेदारी साबित की। इस शानदार अभियान की सबसे बड़ी उपलब्धियों में कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के होनहार मुक्केबाज गंगा का नाम प्रमुखता से उभरकर सामने आया। Kurukshetra News
गंगा ने 55 किलोग्राम भार वर्ग में शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किया और पूरे देश के साथ-साथ कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय को गौरवान्वित किया। इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर कुलगुरु प्रो. सोमनाथ सचदेवा तथा कुलसचिव डॉ. वीरेंद्र पाल ने स्वर्ण पदक विजेता गंगा व उनके कोच राजेश कुमार राजौंद को बधाई दी।
कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के खेल निदेशक प्रो. दिनेश राणा ने बताया कि भारतीय पुरुष टीम ने अर्जुन अवार्डी एवं ओलंपियन बॉक्सर मनोज कुमार के कुशल नेतृत्व और रणनीतिक मार्गदर्शन में यह ऐतिहासिक सफलता हासिल की। प्रो. राणा ने बताया कि गंगा का यह स्वर्ण पदक कोई संयोग नहीं, बल्कि उनकी निरंतर मेहनत और उत्कृष्ट प्रदर्शन का परिणाम है। उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय बॉक्सिंग कोच राजेश कुमार राजौंद के नेतृत्व, समर्पण और अथक परिश्रम के कारण पिछले 12 वर्षों में कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय ने बॉक्सिंग के क्षेत्र में अनेक ऐतिहासिक उपलब्धियाँ हासिल की हैं। Kurukshetra News