UP Weather Alert: यूपी में फिर से आ गया भयंकर बारिश का अलर्ट, मुजफ्फरनगर समेत इन जिलों में भारी बारिश की चेतावनी, ध्यान से निकले घर से बाहर

UP Weather Alert: यूपी में फिर से आ गया भयंकर बारिश का अलर्ट, मुज्जफरनगर समेत इन जिलों में भारी बारिश की चेतावनी, ध्यान से निकले घर से बाहर

Published On

UP Weather Alert:  मुजफ्फरनगर, अनु सैनी। उत्तर प्रदेश में मानसून पूरी तरह सक्रिय हो चुका है और आने वाले 24 घंटे कई जिलों के लिए बेहद भारी पड़ सकते हैं। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने रविवार के लिए प्रदेश के 20 से अधिक जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। खासतौर पर पूर्वी और मध्य उत्तर प्रदेश में मूसलाधार बारिश, तेज हवाएं और आकाशीय बिजली गिरने की आशंका जताई गई है।

रिजनल मौसम सेंटर, लखनऊ के अनुसार प्रदेश में मानसूनी गतिविधियां लगातार मजबूत हो रही हैं। इसके चलते अगले 48 घंटों के दौरान अधिकतम और न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज की जा सकती है। इससे लोगों को गर्मी और उमस से राहत मिलेगी, लेकिन जलभराव और बिजली गिरने जैसी घटनाओं का खतरा बढ़ जाएगा।

इन जिलों में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट | UP Weather Alert

मौसम विभाग ने बस्ती, संत कबीर नगर, गोरखपुर, देवरिया, आजमगढ़, वाराणसी, जौनपुर, मऊ, बलिया, प्रतापगढ़, अयोध्या, अंबेडकर नगर, सुल्तानपुर, अमेठी, रायबरेली, लखनऊ, बाराबंकी, हरदोई, उन्नाव और सीतापुर समेत 20 से अधिक जिलों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है।

इन जिलों में गरज-चमक के साथ वज्रपात होने की भी आशंका है। मौसम विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान घरों के अंदर रहने और अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी है।

मेरठ में रिकॉर्ड बारिश, मुजफ्फरनगर भी हुआ जलमग्न

पश्चिमी उत्तर प्रदेश में भी मानसून का जोर देखने को मिला है। पिछले 24 से 36 घंटों के दौरान मेरठ में 315 मिमी बारिश दर्ज की गई, जो इस सीजन की सबसे अधिक बारिश मानी जा रही है। वहीं मुजफ्फरनगर में 270.1 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई, जिससे कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई।

राजधानी लखनऊ में भी रविवार को दिनभर रुक-रुककर तेज बारिश और गरज-चमक का दौर जारी रहने की संभावना है। यहां अधिकतम तापमान लगभग 31 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।

जलभराव और यातायात प्रभावित होने की आशंका

मौसम विभाग का कहना है कि भारी बारिश के कारण निचले इलाकों, अंडरपास और सड़कों पर जलभराव की गंभीर स्थिति बन सकती है। नदियों और नालों का जलस्तर अचानक बढ़ सकता है। इसके अलावा कच्चे मकानों को नुकसान, दृश्यता कम होने और सड़क यातायात बाधित होने की संभावना भी जताई गई है।

मौसम विभाग की महत्वपूर्ण सलाह

मौसम विभाग ने लोगों से अपील की है कि भारी बारिश के दौरान जलभराव वाले रास्तों, बिजली के खंभों और कमजोर इमारतों से दूर रहें। मेघगर्जन के समय घर के अंदर रहें और इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों को अनप्लग कर दें। किसानों को सलाह दी गई है कि तेज बारिश और वज्रपात के दौरान खेतों में न जाएं तथा अपनी फसलों और पशुओं को सुरक्षित स्थानों पर रखें।

प्रदेश में अगले कुछ दिनों तक मानसून की सक्रियता बनी रहने के आसार हैं। ऐसे में लोगों को मौसम विभाग की ताजा चेतावनियों पर नजर रखने और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की सलाह दी गई है।

About The Author

Related Posts