रोडवेज चालक-परिचालक ने सड़क हादसे में घायल भाई-बहन को पहुंचाया अस्पताल

घायल भाई-बहन को लेकर सीधा नागरिक अस्पताल पहुंची हरियाणा रोडवेज बस 

Published On

कैथल (सच कहूँ/कुलदीप नैन)। Kaithal News: दिल्ली से कैथल आ रही हरियाणा रोडवेज की एसी बस के चालक और परिचालक ने मानवता का परिचय देते हुए सड़क हादसे में घायल भाई-बहन को रोडवेज बस से नागरिक अस्पताल पहुंचाया। दोनों ने एंबुलेंस का इंतजार करने के बजाय घायलों को तुरंत बस में बैठाया। अस्पताल में पहुंचने पर घायलों का उपचार शुरु किया गया। घायलों की पहचान गांव फतेहपुर निवासी भाई-बहन अस्मित और रमनीत के रुप में हुई है। 

जानकारी के अनुसार शनिवार दोपहर करीब तीन बजे रोडवेज की बस दिल्ली से कैथल की ओर आ रही थी। गांव दुसैन के पास बस के पीछे चल रही एक बाइक दुर्घटनाग्रस्त हो गई। बस चालक राजेंद्र सिंह ने बताया कि पीछे से टक्कर की आवाज आने पर उन्होंने बस रोकी तो देखा कि बाइक सवार युवक और युवती सड़क पर घायल अवस्था में पड़े हैं। चालक और परिचालक महिपाल ने बिना देरी किए दोनों घायलों को बस में बैठाया और सीधे कैथल नागरिक अस्पताल पहुंचाया। दोनों घायलों को स्ट्रेचर के माध्यम से इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कर उपचार शुरु किया गया। रोडवेज कर्मचारियों की इस संवेदनशील पहल की लोगों ने सराहना की।

चालक राजेंद्र सिंह ने बताया कि उन्होंने एंबुलेंस का इंतजार नहीं किया क्योंकि घायलों को तत्काल चिकित्सा सहायता की आवश्यकता थी। परिचालक महिपाल ने भी बताया कि मौके पर कोई अन्य वाहन चालक घायलों को अस्पताल ले जाने के लिए आगे नहीं आया, इसलिए उन्होंने स्वयं यह जिम्मेदारी निभाई।

Kaithal News
Kaithal News: अस्पताल में खड़ी हरियाणा रोडवेज की एसी बस व अस्पताल में उपचाराधीन घायल भाई-बहन।

 

About The Author

Related Posts