आर्य नगर फायरिंग कांड का आरोपी गिरफ्तार, वारदात में प्रयुक्त आई-20 गाड़ी बरामद
दो दिन के रिमांड के बाद आज कोर्ट में पेश होगा आरोपी
हांसी (सच कहूँ/मुकेश)। Hansi News: थाना शहर हांसी पुलिस ने आर्य नगर में फायरिंग के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। दो दिन के पुलिस रिमांड के दौरान पूछताछ में पुलिस ने वारदात में प्रयुक्त आई-20 कार भी बरामद कर ली है। थाना शहर में तैनात सहायक उप निरीक्षक रामपाल ने बताया कि 30 जून को आर्य नगर निवासी गुरदीप कुमार की शिकायत पर मामला दर्ज किया गया था। शिकायत के अनुसार घरेलू विवाद के चलते उसका साला हिसार के श्याम लाल ढाणी निवास कमल चैची उसके घर पहुंचा और कहासुनी के दौरान जान से मारने की नीयत से पिस्तौल से फायर कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और सीन आॅफ क्राइम टीम की सहायता से वैज्ञानिक तरीके से जांच कर एक खोखा सहित अन्य साक्ष्य कब्जे में लिए। बाद में आरोपी को गिरफ्तार कर दो दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया। पूछताछ के आधार पर पुलिस ने सालासर क्षेत्र से वारदात में प्रयुक्त आई-20 कार बरामद कर ली। रिमांड अवधि पूरी होने के बाद आरोपी को आज न्यायालय में पेश किया जाएगा। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है।