दो बाइकों की भिड़ंत में युवा मजदूर की दर्दनाक मौत, साथी घायल

नेशनल हाइवे-709एड़ी पर मवी-हैदरपुर के पास स्थित फ्लाईओवर के निकट हुआ हादसा

Published On

कैराना (सच कहूँ न्यूज़)। Kairana Road Accident: नेशनल हाइवे-709एड़ी पर मवी-हैदरपुर के निकट स्थित फ्लाईओवर के पास दो बाइकों की भिड़ंत में एक 22 वर्षीय मजदूर की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि उसका साथी गम्भीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने मृतक युवक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसे से परिजनों में कोहराम मचा है। मृतक के पिता ने अज्ञात बाइक चालक के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कराया है। 

क्षेत्र के गांव मामौर निवासी सुफियान(22) हरियाणा के जनपद पानीपत के निम्बरी गांव में स्थित कंबल फैक्ट्री में मजदूरी करता था। शनिवार प्रातः करीब साढ़े दस बजे वह गांव के ही अपने साथी सौरव के साथ में बाइक से फैक्ट्री के लिए जा रहा था। जैसे ही वह राष्ट्रीय राजमार्ग-709एड़ी पर मवी-हैदरपुर के निकट स्थित फ्लाईओवर के पास पहुंचे, तभी उनकी बाइक की टक्कर दूसरी बाइक से हो गई। टक्कर इतनी भयंकर थी कि बाइक सवार सुफियान की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका साथी सौरव गम्भीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद आरोपी चालक बाइक समेत मौके से फरार हो गया। राहगीरों की सहायता से मृतक सुफियान के शव व घायल सौरव को कस्बे के सरकारी अस्पताल में पहुंचाया गया।

मामले की सूचना मिलने पर पुलिस टीम अस्पताल में पहुंची तथा शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा भरने के पश्चात पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक सुफियान चार भाइयों में सबसे बड़ा था और मजदूरी करके अपने पिता का हाथ बंटाता था। मृतक युवक अविवाहित था तथा उसकी दो बहनें भी बताई गई है। मृतक के पिता नूर मोहम्मद की ओर से अज्ञात बाइक चालक के विरुद्ध कोतवाली पर घटना का मुकदमा दर्ज कराया गया है। वहीं, कोतवाली प्रभारी निरीक्षक सतीश कुमार ने बताया कि सड़क हादसे में एक युवक की मौत हुई है, जिसके शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। मृतक के पिता की तहरीर पर अज्ञात वाहन चालक के विरुद्ध अभियोग पंजीकृत करके अग्रिम कार्यवाही शुरू कर दी गई है।

Kairana Road Accident

About The Author

Related Posts