यूपी में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, 20 आईएएस अधिकारियों के तबादले

यूपी में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, 20 आईएएस अधिकारियों के तबादले

Published On

लखनऊ (एजेंसी)। उत्तर प्रदेश सरकार ने भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) के 20 अधिकारियों का तबादला कर दिया। सरकार ने चिकित्सा शिक्षा, निबंधन, संस्कृति, ऊर्जा, महिला एवं बाल विकास, राजस्व और ग्रामीण विकास समेत कई अहम विभागों में नई तैनातियां की हैं। इसके साथ ही कई जिलों के मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) भी बदले गए हैं। आदेश के अनुसार, राजस्व विभाग की सचिव सुधा वर्मा को श्रमायुक्त बनाया गया है। मध्यांचल विद्युत वितरण निगम की प्रबंध निदेशक रिया केरजीवाल को बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग का विशेष सचिव नियुक्त किया गया है।

गौतमबुद्ध नगर एवं गाजियाबाद द्वितीय में अपर आयुक्त राज्यकर संदीप भागिया को मध्यांचल विद्युत वितरण निगम का नया प्रबंध निदेशक बनाया गया है। मथुरा-वृंदावन के नगर आयुक्त जग प्रवेश को वन, पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन विभाग का विशेष सचिव नियुक्त किया गया है। प्रतीक्षारत चल रहे मनिकन्दन ए को अपर भूमि व्यवस्था आयुक्त, राजस्व परिषद भेजा गया है। वहीं, चीनी उद्योग एवं गन्ना विकास विभाग की संयुक्त प्रबंध निदेशक डॉ. वंदना वर्मा को उत्तर प्रदेश सहकारी चीनी मिल्स लिमिटेड के संयुक्त प्रबंध निदेशक का अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया है। सरकार ने संस्कृति विभाग में भी बदलाव किया है। सूचना निदेशक विशाल सिंह से विशेष सचिव संस्कृति और निदेशक संस्कृति का अतिरिक्त प्रभार वापस ले लिया गया है। वहीं, विशेष सचिव संस्कृति संजय कुमार सिंह प्रथम से विशेष सचिव का दायित्व हटाकर उन्हें निदेशक संस्कृति का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है।
जिलों में हुए फेरबदल के तहत आजमगढ़ के सीडीओ परीक्षित खटाना को अपर आयुक्त राज्यकर, गौतमबुद्ध नगर भेजा गया है, जबकि लखनऊ मंडल के अपर आयुक्त राकेश कुमार पटेल को आजमगढ़ का नया सीडीओ बनाया गया है। बलिया के सीडीओ ओजस्वी राज को मथुरा-वृंदावन का नगर आयुक्त नियुक्त किया गया है। गोंडा में एडीएम (वित्त एवं राजस्व) आलोक कुमार को बलिया का सीडीओ बनाया गया है।

इटावा के सीडीओ अजय कुमार गौतम को अपर राज्य आयुक्त राज्य कर, गाजियाबाद प्रथम भेजा गया है, जबकि मुजफ्फरनगर के एडीएम (प्रशासन) संजय कुमार सिंह को इटावा का नया सीडीओ नियुक्त किया गया है। इसके अलावा, विशेष सचिव महिला कल्याण तथा बाल विकास एवं पुष्टाहार और सचिव राज्य महिला आयोग का दायित्व संभाल रहीं रेणु तिवारी से विशेष सचिव, बाल विकास एवं पुष्टाहार का अतिरिक्त कार्यभार वापस ले लिया गया है।

About The Author

Related Posts