मानसून: अम्बाला में जलभराव रोकने को प्रशासनिक टीम सड़कों पर उतरी
मानसून से पहले अलर्ट मोड में प्रशासन
अंबाला (सच कहूँ न्यूज)। Ambala News: अम्बाला में मानसून के दौरान संभावित जलभराव की गंभीर चुनौती से निपटने के लिए प्रशासनिक अमले और स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने संयुक्त रूप से ग्राउंड जीरो पर मोर्चा संभाल लिया है। शहर के विभिन्न संवेदनशील इलाकों का स्थलीय निरीक्षण कर जल निकासी व्यवस्था को तत्काल सुचारू बनाने के कड़े निर्देश जारी किए गए हैं। इस दौरान बलदेव नगर, गीता नगरी और काकरू के पास नेशनल हाईवे के नालों की सफाई में देरी पर चिंता जताई गई, जिसे दुरुस्त करने के लिए उपायुक्त की अध्यक्षता में एक संयुक्त बैठक बुलाई जाएगी। काकरू में नए स्टॉर्म डिस्पोजल की रूपरेखा तैयार करने के साथ ही देवीनगर नाले और मनमोहन नगर पुलिया से तत्काल कचरा हटाने के निर्देश दिए गए। नालों में कूड़ा फेंकने वालों के खिलाफ अब सीधे कानूनी कार्रवाई होगी।
तात्कालिक राहत के लिए दशमेश मार्केट व सेक्टर-10 के पास नए स्टॉर्म वाटर डिस्पोजल बनाए जा रहे हैं, जबकि इंद्रपुरी और सेक्टर 9-10 के मौजूदा संयंत्रों की क्षमता बढ़ाई गई है। दीर्घकालिक समाधान के तहत आईआईटी रुड़की ने एक विस्तृत ड्रेनेज प्लान तैयार किया है, जिसमें सिंचाई, जनस्वास्थ्य, पीडब्ल्यूडी और राजस्व सहित सात विभाग समन्वय के साथ काम कर रहे हैं। इस संबंध में गुरुवार को एक उच्च स्तरीय बैठक होगी। निरीक्षण के समय मेयर अक्षिता सैनी, उपायुक्त अजय सिंह तोमर, निगम कमिश्नर विरेन्द्र सहरावत, एसडीएम दर्शन कुमार, एसई मुनीष भारद्वाज, रितेश गोयल, संदीप कुमार, रितेश अग्रवाल, सौरभ गुप्ता सहित पार्षद राजेश मेहता उपस्थित रहे।