शिक्षा और रोजगार
जयपुर से सिंघानिया विश्वविद्यालय तक पैरा थ्रोबॉल रैली रवाना
100 दिव्यांग खिलाड़ियों के साथ निकली बाइक रैली
जयपुर (सच कहूँ न्यूज़)। Jaipur News: आगामी तीसरी एशियन पैरा थ्रोबॉल चैंपियनशिप-2027 के प्रचार-प्रसार और दिव्यांग खिलाड़ियों के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से जयपुर से सिंघानिया विश्वविद्यालय, पचेरी तक भव्य बाइक जागरूकता रैली निकाली गई। विश्व पैरा थ्रोबॉल फेडरेशन की ओर से आयोजित इस रैली को राजस्थान के जल संसाधन मंत्री सुरेश सिंह रावत ने विश्व पैरा थ्रोबॉल फेडरेशन की अध्यक्ष निर्मला रावत तथा सिंघानिया विश्वविद्यालय के अध्यक्ष डॉ. मनोज कुमार के साथ रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
रैली में करीब 100 दिव्यांग पैरा थ्रोबॉल खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। यह रैली उस स्थल तक पहुंची, जहां मार्च 2027 में सिंघानिया विश्वविद्यालय, पचेरी में तीसरी एशियन पैरा थ्रोबॉल चैंपियनशिप आयोजित की जाएगी। इस अवसर पर मंत्री सुरेश सिंह रावत ने कहा कि दिव्यांग खिलाड़ी किसी भी दृष्टि से कम नहीं हैं। उन्हें केवल उचित मंच और अवसर की आवश्यकता है। राज्य सरकार खेलों और दिव्यांग खिलाड़ियों के प्रोत्साहन के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने विश्व पैरा थ्रोबॉल फेडरेशन और सिंघानिया विश्वविद्यालय की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन समाज में सकारात्मक सोच और समानता की भावना को मजबूत करते हैं।
सिंघानिया विश्वविद्यालय के अध्यक्ष डॉ. मनोज कुमार ने बताया कि मलेशिया में आयोजित पिछली एशियन पैरा थ्रोबॉल चैंपियनशिप से प्राप्त ध्वज अब भारत पहुंच चुका है और मार्च 2027 में होने वाली प्रतियोगिता के लिए सभी तैयारियां शुरू कर दी गई हैं।
1.jpg)