शिक्षा और रोजगार
मुझेड़ा की मुंतजिर कॉलोनी में सरकारी बंजर भूमि पर अवैध निर्माण रुका, राजस्व टीम ने दी सख्त चेतावनी
सरकारी बंजर भूमि पर अवैध कब्जे पर चला प्रशासन का डंडा
मीरापुर (सच कहूँ/कोमल कुमार)। Miranpur News: मीरापुर थाना क्षेत्र के ग्राम मुझेड़ा सादात स्थित मुंतजिर कॉलोनी में सरकारी बंजर भूमि पर किए जा रहे अवैध निर्माण को राजस्व विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर रुकवा दिया। बताया गया कि खसरा संख्या 801, जो राजस्व अभिलेखों में बंजर श्रेणी में दर्ज है, पर कुछ लोगों ने अवैध कब्जा कर निर्माण कार्य शुरू कर दिया था।
इसकी शिकायत ग्रामीणों ने उपजिलाधिकारी रश्मि लाम्बा से की।उपजिलाधिकारी रश्मि लाम्बा के निर्देश पर कानूनगो संजीव शर्मा, मुझेडा लेखपाल ओमवीर सिंह तथा सिंकदरपुर लेखपाल कपिल कुमार मौके पर पहुंचे और भूमि की पैमाइश कराई। जांच में लगभग 260 वर्ग गज सरकारी भूमि पर अवैध कब्जा कर निर्माण किए जाने की पुष्टि हुई। इसके बाद राजस्व विभाग की टीम ने तत्काल निर्माण कार्य रुकवा दिया और कब्जाधारियों को भविष्य में दोबारा निर्माण करने पर सख्त कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी। राजस्व अधिकारियों ने बताया कि इससे पहले भी इसी भूमि पर कुछ भूमाफियाओं द्वारा अवैध निर्माण का प्रयास किया गया था,
जिसे प्रशासन ने समय रहते रुकवा दिया था। इसके बावजूद लगातार सरकारी भूमि पर कब्जे की कोशिशें चिंता का विषय बनी हुई हैं। ग्रामीणों का कहना है कि प्रशासन द्वारा बार-बार कार्रवाई किए जाने के बावजूद भूमाफियाओं के हौसले कम नहीं हो रहे हैं। उन्होंने मांग की कि सरकारी भूमि पर कब्जा करने वालों की पहचान कर उनके विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की जाए। साथ ही क्षेत्र में मौजूद सभी सरकारी भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराने के लिए व्यापक अभियान चलाया जाए, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं पर पूरी तरह रोक लगाई जा सके।
