शिक्षा और रोजगार
Bomb Threat: हिसार के स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी, ई-मेल मिलते ही पुलिस अलर्ट
स्कूलों में पहुंची पुलिस टीम, तलाशी के बाद जांच तेज; अफवाहों से बचने की अपील
हिसार (सच कहूँ/मांगे लाल)। Hisar News: हिसार के कुछ स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी भरा ई-मेल मिलने के बाद पुलिस और प्रशासन अलर्ट हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस टीमों ने संबंधित स्कूलों में पहुंचकर जांच और तलाशी अभियान चलाया। प्रारंभिक जांच में कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली है। हालांकि यह मेल शुक्रवार को आई थी जिसके बाद प्रशासन पूरी तरह से अलर्ट हो गया था। हिसार पुलिस के अनुसार धमकी भरा ई-मेल मिलने के बाद संबंधित स्कूलों की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया गया और पूरे परिसर की जांच की गई। साथ ही ई-मेल भेजने वाले की पहचान के लिए साइबर टीम ई-मेल आईडी और उसके स्रोत की जांच कर रही है। पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए तुरंत कार्रवाई की गई है।
उन्होंने कहा कि फिलहाल घबराने या अफवाह फैलाने की जरूरत नहीं है। प्रथम दृष्टया यह लोगों में दहशत फैलाने की कोशिश प्रतीत होती है, लेकिन पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है। पुलिस ने भरोसा दिलाया कि ई-मेल भेजने वाले आरोपियों की पहचान कर उनके खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही लोगों से अपील की गई है कि वे किसी भी अपुष्ट जानकारी पर विश्वास न करें और केवल प्रशासन द्वारा जारी आधिकारिक सूचनाओं पर ही भरोसा करें।