Gold News: जमीन में दबे मिले करोड़ों के गहने!

आभूषण चोरी कांड का खुलासा, तीन आरोपी गिरफ्तार, पूर्व कर्मचारी ने रची थी पूरी साजिश

Published On

जाखल (सच कहूँ/तरसेम सिंह)। जाखल रेलवे स्टेशन पर 10 जून को बीकानेर एक्सप्रेस में हुई करीब तीन करोड़ रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषणों की चोरी का हरियाणा राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) और राजस्थान पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। संयुक्त कार्रवाई के दौरान तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर करीब 2.25 करोड़ रुपये मूल्य के चोरीशुदा आभूषण बरामद किए गए हैं। आरोपियों ने चोरी का माल राजस्थान के कल्याणपुरा क्षेत्र में मंदिर के पास एक जोहड़ के किनारे जमीन में दबाकर छिपा रखा था। पुलिस शेष आभूषणों की बरामदगी के लिए आरोपियों से पूछताछ कर रही है। Jakhal News

जांच में सामने आया कि वारदात का मास्टरमाइंड ऋषभ है, जो पहले उसी लॉजिस्टिक कंपनी में कार्यरत था, जिसके माध्यम से आभूषणों की ढुलाई की जाती थी। उसे गहनों की आवाजाही, यात्रा मार्ग और सुरक्षा व्यवस्था की पूरी जानकारी थी। पुलिस के अनुसार गिरोह ने करीब दो महीने तक रेकी करने के बाद योजना बनाकर वारदात को अंजाम दिया। घटना के दिन नई दिल्ली से बठिंडा जा रही बीकानेर एक्सप्रेस के जाखल स्टेशन पर रुकने के दौरान कर्मचारी नरेंद्र सिंह पानी पीने के लिए नीचे उतरा, तभी उसका आभूषणों से भरा बैग चोरी कर लिया गया।

ऐसे आरोपियों तक पहुंची पुलिस

जीआरपी अंबाला की पुलिस अधीक्षक डॉ. नीतिका गहलोत ने बताया कि मामले की जांच के लिए डीएसपी जीआरपी हिसार के नेतृत्व में विशेष जांच दल (एसआईटी) गठित किया गया था। पुलिस ने इस हाई-प्रोफाइल ट्रेन गोल्ड चोरी मामले में ऋषभ, गोविंद एवं बबलू नामक तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पूछताछ में मिली जानकारी के आधार पर राजस्थान में खुदाई कर चोरीशुदा आभूषण बरामद किए गए। पुलिस ने गिरोह के अन्य सदस्यों को भी नामजद किया है और शेष माल की बरामदगी के साथ पूरे अंतरराज्यीय नेटवर्क का पता लगाने के लिए जांच जारी है। Jakhal News

About The Author

Related Posts