शिक्षा और रोजगार
Karnal News: करनाल में पुरानी रंजिश को लेकर 10वीं के छात्र की पीट-पीटकर हत्या
मंदिर से लौटते वक्त किया हमला, अस्पताल पहुंचने से पहले हुई मौत
करनाल, (सच कहूँ न्यूज)। करनाल जिले के धोलगढ़ गांव में दसवीं कक्षा के 16 वर्षीय छात्र प्रतीक की लाठी-डंडों और धारदार हथियारों से हमला कर हत्या कर दी गई। मृतक अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था। मंगलवार को स्कूल से लौटने के बाद वह ऊचाना स्थित हनुमान मंदिर में प्रसाद लेने गया था। वापस गांव लौटते समय खेतों के पास पहले से घात लगाए बैठे चार-पांच युवकों ने उसे घेर लिया और उस पर हमला कर दिया। Karnal News
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बाइक पर सवार तीन नकाबपोश युवकों ने पीछे से आते हुए चलती बाइक से प्रतीक के सिर पर लाठी से हमला किया। गंभीर चोट लगने के बाद वह सड़क पर गिर पड़ा। बताया गया कि उसने हमलावरों से खुद को छोड़ने की गुहार लगाई, लेकिन आरोपियों ने बेहोश होने के बाद भी उसके सिर पर लगातार वार किए और उसे गंभीर हालत में छोड़कर फरार हो गए। परिजन उसे तुरंत निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
परिजनों के अनुसार कुछ दिन पहले स्कूल में प्रतीक का कुछ सहपाठियों के साथ विवाद हुआ था, जिसे हत्या की संभावित वजह माना जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस, सीआईए और फोरेंसिक साइंस प्रयोगशाला (एफएसएल) की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। जांच अधिकारी संदीप कुमार ने बताया कि शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट तथा जांच के आधार पर मामले के सभी पहलुओं की पड़ताल की जाएगी। Karnal News