यात्री वाहनों की बिक्री जून में 24 प्रतिशत बढ़ी

ऑटो उद्योग ने पकड़ी रफ्तार, जून में सभी वाहन श्रेणियों की बिक्री बढ़ी

Published On

नई दिल्ली। New Delhi: यात्री वाहनों की घरेलू थोक बिक्री जून में 24.1 प्रतिशत बढ़कर 3,88,144 इकाई दर्ज की गयी। वाहन निमार्ता कंपनियों के संगठन सियाम द्वारा बुधवार को जारी रिपोर्ट में यह आंकड़ा दिया गया है। इसमें बीएमडब्ल्यू, मर्सिडीज, जेएलआर और वॉल्वो आॅटो के आंकड़े शामिल नहीं हैं। दुपहिया की बिक्री 18.6 फीसदी बढ़कर 18,51,400 इकाई पर पहुंच गयी। इसमें स्कूटर मोटरसाइकिल और मोपेड शामिल हैं। स्कूटरों की बिक्री 7,44,823 इकाई और मोटरसाइकिल की 10,56,422 इकाई रही। यह पिछले साल जून की तुलना में क्रमश: 39.1 प्रतिशत और 6.4 प्रतिशत अधिक है। मोपेड की बिक्री 50.4 प्रतिशत बढ़कर 50,155 इकाई पर रही। तिपहिया की बिक्री जून में 26.1 प्रतिशत बढ़ी और 77,951 पर पहुंच गयी। इसमें यात्रियों के परिवहन में इस्तेमाल होने वाले तिपहिया की बिक्री 25 प्रतिशत बढ़कर 64,181 इकाई और माल ढुलाई के काम आने वाली तिपहिया की 29.4 प्रतिशत बढ़कर 11,828 इकाई पर पहुंच गयी।

जून में 1,590 ई-रिक्शा और 352 ई-कार्ट बिके। इनमें क्रमश: 52.4 प्रतिशत और 19.7 प्रतिशत की वृद्धि हुई है। चालू वित्त वर्ष की पहली तिमाही में अप्रैल से जून के दौरान यात्री वाहनों की थोक बिक्री 25.9 प्रतिशत बढ़कर 12,73,811 पर पहुंच गयी। यह किसी भी साल पहली तिमाही का रिकॉर्ड स्तर है। यात्री वाहन में कार, उपयोगी वाहन और वैन आते हैं। इस दौरान उपयोगी वाहनों की बिक्री 28.6 प्रतिशत और कारों की 21.3 प्रतिशत बढ़ी। वृद्धि दर में इस अंतर के कारण तिमाही में यात्री वाहनों में उपयोगी वाहनों की हिस्सेदारी बढ़कर 68 प्रतिशत के करीब पहुंच गयी है। कारों की तिमाही बिक्री इस साल जून में 3,67,549 पर और उपयोगी वाहनों की 8,61,918 इकाई हो गयी। वाणिज्यिक वाहनों की तिमाही बिक्री 2,64,831 इकाई पर और दुपहिया की 56,28,675 इकाई पर रही। दोनों में क्रमश: 18.3 प्रतिशत और 20.3 प्रतिशत का उछाल आया है। तिपहिया की बिक्री 29.7 फीसदी की बढ़त के साथ 2,14,339 इकाई हो गयी।

New Delhi

About The Author

Related Posts