अंतरराज्यीय साइबर ठगी नेटवर्क पर फतेहाबाद पुलिस का बड़ा प्रहार, चार और आरोपी गिरफ्तार

अब तक सात आरोपी गिरफ्त में, सेना के जवान से 4.46 लाख की ठगी का मामला

Published On

फतेहाबाद (सच कहूँ/विनोद कुमार शर्मा)। Fatehabad News: फतेहाबाद पुलिस ने अंतरराज्यीय साइबर ठगी के संगठित नेटवर्क पर बड़ी कार्रवाई करते हुए चार और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इससे पहले इसी मामले में तीन आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी थी। अब तक कुल सात आरोपी पुलिस की गिरफ्त में आ चुके हैं। पुलिस गिरोह के आर्थिक लेन-देन, बैंक खातों, डिजिटल ट्रेल और अन्य सदस्यों की पहचान कर पूरे नेटवर्क को ध्वस्त करने में जुटी है।

पुलिस अधीक्षक निकिता खट्टर के निर्देशन में साइबर अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत थाना साइबर क्राइम फतेहाबाद की टीम ने यह सफलता हासिल की। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रवि कुमार उर्फ रवि निवासी हांसी, रवि कुमार निवासी अशोक नगर फतेहाबाद, रिपन निवासी बरसीन (हाल निवासी अशोक नगर, फतेहाबाद) तथा नितेश कुमार निवासी भोडिया खेड़ा (हाल निवासी भट्ठा कॉलोनी, फतेहाबाद) के रूप में हुई है।

सेना के जवान को बनाया शिकार

एएसपी दिव्यांशी सिंगला ने प्रेस वार्ता में बताया कि गांव हिजरावां कलां निवासी भारतीय सेना के लांस नायक बलजिंद्र सिंह को आरोपियों ने एक प्रतिष्ठित लाइफ इंश्योरेंस कंपनी का प्रतिनिधि बनकर फोन किया। आरोपियों ने कस्टमर आईडी बनाने और विशेष लाभ दिलाने का झांसा देकर उनसे अलग-अलग किश्तों में 4 लाख 46 हजार 882 रुपये विभिन्न बैंक खातों में जमा करवा लिए। रकम लेने के बाद न तो कोई पॉलिसी दी गई और न ही पैसे लौटाए गए। इसके बाद पीड़ित ने राष्ट्रीय साइबर अपराध पोर्टल पर शिकायत दर्ज करवाई।

तकनीकी जांच से खुली गिरोह की परतें

मामले की जांच के दौरान साइबर थाना पुलिस ने बैंक खातों, मोबाइल नंबरों, यूपीआई ट्रांजैक्शन, कॉल डिटेल रिकॉर्ड और अन्य डिजिटल साक्ष्यों का गहन विश्लेषण किया। जांच के आधार पर पहले तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया था। इसके बाद 8 जुलाई को गिरफ्तार किए गए दो आरोपियों से पूछताछ और डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर रिपन और नितेश कुमार को भी गिरफ्तार कर लिया गया।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि साइबर ठगी का यह नेटवर्क उड़ीसा, पंजाब, हरियाणा और राजस्थान सहित कई राज्यों तक फैला हुआ है। पुलिस नेटवर्क से जुड़े अन्य सदस्यों की तलाश में जुटी है।

नकदी, लैपटॉप, मोबाइल और फर्जी दस्तावेज बरामद

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से रेडमी और नोकिया के मोबाइल फोन, डेल कंपनी का लैपटॉप, कैनन प्रिंटर, तीन सिम कार्ड, एटीएम कार्ड, वीआई कंपनी के फर्जी टावर संबंधी दस्तावेज तथा  तीन फर्जी मोहरें बरामद की हैं।

इसके अलावा आरोपियों से कुल 65 हजार रुपये नकद भी बरामद किए गए हैं। इनमें रवि उर्फ रवि से 10 हजार, रवि कुमार से 15 हजार, रिपन से 20 हजार और नितेश कुमार से 20 हजार रुपये शामिल हैं।

Fatehabad News

About The Author

Related Posts