शिक्षा और रोजगार
Fatehabad: युवाओं ने सीखे कृषि और किसान कल्याण के गुर
माय भारत पोर्टल के माध्यम से कृषि एवं किसान कल्याण विभाग द्वारा एक्सपीरिएंशियल लर्निंग प्रोग्राम आयोजित
फतेहाबाद, (विनोद कुमार शर्मा)। माय भारत पोर्टल (My Bharat Portal) के माध्यम से कृषि एवं किसान कल्याण विभाग द्वारा आयोजित एक्सपीरिएंशियल लर्निंग प्रोग्राम में युवाओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य युवाओं को कृषि क्षेत्र की व्यावहारिक कार्यप्रणाली से जोड़ना और सरकार की विभिन्न कृषि कल्याणकारी योजनाओं से अवगत कराना था। प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागी युवाओं को किसान पंजीकरण प्रक्रिया, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना, फसल अवशेष प्रबंधन (पराली प्रबंधन) तथा कृषि विभाग की अन्य डिजिटल व जमीनी सेवाओं की विस्तृत जानकारी दी गई। Fatehabad News
इसके साथ ही, युवाओं को सीधे किसानों के साथ संवाद करने का अवसर भी मिला, जिससे वे किसानों की जमीनी समस्याओं को समझ सके और उनके समाधान की प्रक्रियाओं का व्यावहारिक अनुभव ले पाए। कार्यक्रम के दौरान विभागीय अधिकारियों ने बताया कि इस प्रकार के एक्सपीरिएंशियल लर्निंग प्रोग्राम युवाओं में नेतृत्व क्षमता, सामाजिक उत्तरदायित्व और व्यावहारिक कौशल (प्रैक्टिकल स्किल्स) विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
युवाओं को समाज और प्रशासन से जोड़ने में सहायक
कार्यक्रम का हिस्सा बने युवाओं ने इसे बेहद उपयोगी बताया। उनका कहना था कि इस ट्रेनिंग से उन्हें कृषि क्षेत्र की बारीकियों और सरकारी योजनाओं को करीब से समझने का एक बेहतरीन अवसर मिला है। माय भारत द्वारा आयोजित यह अभियान युवाओं को समाज और प्रशासन से जोड़ने के साथ-साथ उनके समग्र कौशल विकास और भविष्य के करियर के लिए व्यावहारिक अनुभव उपलब्ध कराने में काफी सहायक सिद्ध हो रहा है। Fatehabad News