शिक्षा और रोजगार
'शिक्षा से ही समाज की उन्नति संभव, हर व्यक्ति तक पहुंचे शिक्षा का लाभ'
त्रयोदश प्रतिभा अलंकरण समारोह में कश्यप समाज ने मेधावियों को किया सम्मानित
कैराना (सच कहूँ न्यूज़)। Kairana News: भारतीय कश्यप युवा समाज सेवा समिति के तत्वावधान में आयोजित प्रतिभा अलंकरण समारोह में मेधावी छात्र-छात्राओं को पुरस्कार प्रदान करके सम्मानित किया गया। इस अवसर पर समाज को सुशिक्षित बनाने तथा बुराइयों को दूर करने पर बल दिया गया।
रविवार को नगर में स्थित प्राचीन बाबा बनखंडी महादेव मंदिर प्रांगण में प्रतिवर्ष की भांति इस साल भी भारतीय कश्यप युवा समाज सेवा समिति के तत्वावधान में त्रयोदश प्रतिभा अलंकरण समारोह का आयोजन किया गया, जिसकी अध्यक्षता मास्टर श्रीपाल कश्यप ने की। कार्यक्रम में मुख्यातिथि के रूप में पहुंचे एडिशनल कमिश्नर मेरठ मंडल अम्बरीश कुमार बिंद ने कहा कि कोई भी समाज तभी तरक्की कर सकता है, जब वह समाज शिक्षित हो तथा तमाम कुरीतियों से मुक्त हो। इसलिए कुरीतियों को दूर करने के लिए समाज को जागरूक करने के साथ ही अपने बच्चों को शिक्षित बनाएं। कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित वरिष्ठ मुख्य मंडल लेखाधिकारी(पंजाब) तेजपाल कश्यप ने कहा कि शिक्षा समाज में उजियारा फैलाती है। शिक्षा ही ऐसा धन है, जो व्यक्ति को फर्श से अर्श तक पहुंचा देती है।
इसलिए शिक्षा बेहद जरूरी है। शिक्षा से ही समाज का उत्थान भी होगा। उन्होंने छात्र-छात्राओं को उच्च शिक्षा प्राप्त करके अपने माता-पिता तथा राष्ट्र का नाम रोशन करने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम को अन्य वक्ताओं ने भी संबोधित किया। इस अवसर पर हाईस्कूल व इंटरमीडिएट की परीक्षा, विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं तथा प्रतिष्ठित व्यावसायिक कोर्स में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले अभ्यर्थियों को प्रतीक चिह्न देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का संचालन तेजवीर कश्यप व रेखा चौहान ने संयुक्त रूप से किया। इस अवसर पर घासीराम, कृष्णपाल सिंह, प्रीतम, दीपक कुमार बालान, डॉ० श्रीपाल, संजीव कुमार, एडवोकेट सुरेन्द्र कुमार, मैम्बर सिंह, जयकरण सिंह, राकेन्द्र सिंह, रोहित कुमार, कमल कुमार, मोहनलाल, राममेहर, सरिता देवी, श्रवण कुमार, विनोद, रणबीर आदि कश्यप समाज के लोग मौजूद रहे।
