हरियाणा में वोटर लिस्ट संशोधन का कार्यक्रम बदला, अंतिम सूची अब 3 अक्टूबर को

आयोग ने एसआईआर की समय-सीमा बढ़ाई, 31 जुलाई को जारी होगी ड्राफ्ट सूची

Published On

चंडीगढ़ (सच कहूँ न्यूज)। Chandigarh News: भारत निर्वाचन आयोग ने हरियाणा में विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) कार्यक्रम की समय-सारणी में संशोधन किया है। मुख्य निर्वाचन अधिकारी, हरियाणा को जारी निर्देशों के अनुसार अब मतदाता सूची का प्रारूप प्रकाशन 31 जुलाई 2026 को होगा, जबकि अंतिम मतदाता सूची 3 अक्टूबर 2026 को प्रकाशित की जाएगी। आयोग ने सभी जिला निर्वाचन अधिकारियों और राजनीतिक दलों को संशोधित कार्यक्रम की तत्काल जानकारी देने तथा व्यापक प्रचार-प्रसार के निर्देश दिए हैं।

संशोधित कार्यक्रम के तहत बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) अब 24 जुलाई तक घर-घर जाकर मतदाताओं का भौतिक सत्यापन करेंगे। निर्वाचन आयोग ने सभी जिलों को मिशन मोड में कार्य करते हुए मतदाता सूची को त्रुटिरहित बनाने के निर्देश दिए हैं। इसके तहत अनुपस्थित, स्थानांतरित, मृत और डुप्लीकेट मतदाताओं का शत-प्रतिशत पुन: सत्यापन किया जाएगा। साथ ही वितरित किए गए इन्यूमरेशन फॉर्म वापस एकत्र करने, मतदाताओं की सहायता करने, कम प्रगति वाले मतदान केंद्रों की विशेष निगरानी तथा प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक और सोशल मीडिया के माध्यम से व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाने को कहा गया है।

फतेहाबाद सबसे आगे, गुरुग्राम सबसे पीछे

14 जुलाई 2026 तक की प्रगति रिपोर्ट के अनुसार, हरियाणा के 2.06 करोड़ से अधिक मतदाताओं में से 99.75 प्रतिशत को इन्यूमरेशन फॉर्म वितरित किए जा चुके हैं। केवल 3.88 लाख मतदाताओं का कार्य शेष है। फतेहाबाद ने शत-प्रतिशत कार्य पूरा कर प्रदेश में पहला स्थान हासिल किया है, जबकि कैथल दूसरे स्थान पर है। दूसरी ओर गुरुग्राम में सबसे अधिक 1.40 लाख से अधिक मामलों का कार्य लंबित है। हिसार में 52,899 और फरीदाबाद में 41,792 मामलों का निस्तारण अभी बाकी है। निर्वाचन आयोग ने लंबित कार्य शीघ्र पूरा करने के लिए संबंधित जिलों को विशेष निर्देश जारी किए हैं।

voter-list

About The Author

Related Posts