शिक्षा और रोजगार
CM सैनी के कार्यक्रम से जल्दी निकलने पर कुलदीप बिश्नोई ने दी सफाई, बोले- दिल्ली में पहले से तय कार्यक्रम था
कार्यक्रम छोड़ने पर उठे सवाल, कुलदीप बिश्नोई ने बताई वजह
हिसार (सच कहूँ/संदीप सिंह सिंहमार)। Haryana: हरियाणा के हिसार स्थित गुरु जंभेश्वर विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (GJUS&T) में आयोजित मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के कार्यक्रम से भाजपा नेता कुलदीप बिश्नोई के बीच में ही चले जाने को लेकर राजनीतिक चर्चाएं तेज हो गई थीं। अब इस पूरे मामले पर कुलदीप बिश्नोई ने अपनी सफाई देते हुए स्थिति स्पष्ट की है।
मंगलवार को सोशल मीडिया पर जारी एक वीडियो में कुलदीप बिश्नोई ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी निर्धारित समय से करीब तीन घंटे की देरी से कार्यक्रम में पहुंचे थे। इसके बावजूद उन्होंने मुख्यमंत्री के साथ विश्वविद्यालय परिसर में आयोजित दो कार्यक्रमों में हिस्सा लिया।
दो कार्यक्रमों में रहे शामिल
बिश्नोई ने बताया कि उन्होंने अमृता देवी की प्रतिमा के अनावरण और खेजड़ी के पौधे के रोपण कार्यक्रम में मुख्यमंत्री के साथ भाग लिया। उन्होंने कहा कि दिल्ली में पहले से तय एक महत्वपूर्ण कार्यक्रम में शामिल होना था, जहां पहुंचने में करीब तीन घंटे का समय लगता है। इसी वजह से उन्होंने मुख्यमंत्री से अनुमति लेकर कार्यक्रम से विदा ली।
उन्होंने कहा, "मैंने मुख्यमंत्री से माफी मांगी और उन्हें अपनी मजबूरी बताकर दिल्ली के लिए रवाना हो गया।"
मुख्य समारोह में नहीं हुए शामिल
विवाद उस समय शुरू हुआ जब शनिवार को मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी हिसार स्थित गुरु जंभेश्वर विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के एक कार्यक्रम में पहुंचे। कुलदीप बिश्नोई विश्वविद्यालय परिसर में आयोजित शुरुआती कार्यक्रमों में मौजूद रहे, लेकिन बाद में मुख्य समारोह से पहले ही वहां से रवाना हो गए।
विश्वविद्यालय के ऑडिटोरियम में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में उनके लिए सीट भी आरक्षित की गई थी, लेकिन वह उसमें शामिल नहीं हुए। इसके बाद उनके कार्यक्रम छोड़कर जाने को लेकर राजनीतिक हलकों में कई तरह की चर्चाएं शुरू हो गई थीं।
विश्वविद्यालय से जुड़ा है बिश्नोई परिवार का विशेष संबंध
गौरतलब है कि गुरु जंभेश्वर विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (GJUS&T) की स्थापना वर्ष 1995 में तत्कालीन हरियाणा के मुख्यमंत्री भजन लाल के कार्यकाल में हुई थी। भजन लाल, कुलदीप बिश्नोई के पिता थे, इसलिए इस विश्वविद्यालय से बिश्नोई परिवार का विशेष जुड़ाव माना जाता है।
हालांकि, अब कुलदीप बिश्नोई की ओर से सफाई आने के बाद उन्होंने स्पष्ट किया है कि कार्यक्रम से उनका जल्दी निकलना किसी राजनीतिक कारण से नहीं, बल्कि पहले से तय निजी कार्यक्रम की वजह से था।
