शिक्षा और रोजगार
सीवरेज जाम को लेकर नगर निगम कार्यालय पर जडा ताला, विधायक के आश्वासन पर खोला
सीवरेज जाम को लेकर नगर निगम कार्यालय पर जडा ताला, विधायक के आश्वासन पर खोला
सोनीपत सच कहूं। रेलवे रोड पर निगम कार्यालय के बाहर निगम पार्षदों और आम जनता ने जोरदार प्रदर्शन कर कार्यालय पर ताला जड दिया। भारी बरसात के बीच प्रदर्शन कर रही महिलाओं ने उनके क्षेत्र में सीवरेज जाम और दूषित जलभराव की समस्या से निजात दिलाने की मांग की । प्रदर्शन की सूचना मिलने पर विधायक निखिल मदान मौके पर पहुंचे और निगम पार्षदों और आमजन से मुलाकात की। विधायक ने निगम आयुक्त हर्षित कुमार को मौके पर ही बुलाया और निगम कार्यालय का ताला खुलवाया। साथ ही निगम आयुक्त को आम जनता की सीवरेज जाम और दूषित जल भराव की समस्या को दूर करने के निर्देश दिए।
इसके पश्चात विधायक ने निगम कार्यालय में निगम आयुक्त, मेयर राजीव जैन, निगम पार्षदों और निगम अधिकारियों के साथ बैठक की।
इस दौरान विधायक ने अधिकारियों को विशेषकर लाइन पार के क्षेत्र में सीवरेज जाम की समस्या को तुरंत प्रभाव से दूर करने के दिशा निर्देश दिए। सीवरेज सफाई का कार्य देख रही एजेंसी पर संतोषजनक कार्य ना करने पर जुर्माना लगाने के भी आदेश दिए। इस अवसर पर निगम पार्षद प्रतिनिधि मुकेश सैनी, निगम पार्षद मुकेश बहमनीया, निगम पार्षद अनुराग जैन, निगम पार्षद राजेश मलिक, निगम पार्षद राजकुमार शर्मा, पार्षद प्रतिनिधि संजय बड़वासनिया, कार्यकारी अभियंता राहुल पूनिया, उपमंडल अधिकारी मनजीत दहिया आदि मौजूद रहे।