आदर्श स्कूल के कर्मियों ने दिड़बा में किया विशाल रोष प्रदर्शन
माँगों का समाधान होने तक संघर्ष को जारी रखने की दी चेतावनी
दिड़बा मंडी (सच कहूँँ/प्रवीण गर्ग)। Dirba Mandi News: दिड़बा अनाज मंडी में आदर्श स्कूल टीचिंग नॉन-टीचिंग एसोसिएशन पंजाब के आह्वान पर आदर्श स्कूलों के समूह कर्मचारियों, बच्चों के अभिभावकों और विभिन्न भाईचारा संगठनों द्वारा विशाल रोष प्रदर्शन किया गया। इसमें बड़ी संख्या में शिक्षकों, नॉन-टीचिंग कर्मचारियों, अभिभावकों तथा संगठनों के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। प्रदर्शन के बाद दिड़बा शहर में रोष मार्च निकाला गया और प्रदर्शनकारी पंजाब के वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा के कार्यालय के सामने पहुंचे, जहाँ उन्होंने रोष प्रदर्शन करते हुए कार्यालय का घेराव किया।
आदर्श स्कूल कर्मचारियों की मुख्य मांग है कि लंबे समय से सेवाएँ निभा रहे सभी टीचिंग, नॉन-टीचिंग और दर्जा-चार कर्मचारियों को शिक्षा विभाग में नियमित करके फुल ग्रेड पे लागू की जाए तथा वेतन से संबंधित समस्या का स्थायी समाधान किया जाए। घेराव के दौरान प्रशासन की ओर से संगठन के नेताओं को आज शाम 4 बजे बैठक करवाने और मांगों के समाधान के लिए बातचीत करने का भरोसा दिया गया। वित्त मंत्री और संगठन के प्रतिनिधियों के बीच होने वाली बैठक में सरकार के रुख को देखते हुए संगठन द्वारा अगला फैसला लिया जाएगा। नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि बैठक के दौरान माँगों का कोई ठोस और संतोषजनक समाधान नहीं निकला तो संघर्ष को और तेज करते हुए अगली कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि आदर्श स्कूल कर्मचारी, अभिभावक और सहयोगी संगठन अपनी जायज माँगों के लिए एकजुट हैं और माँगों का समाधान होने तक संघर्ष जारी रहेगा।
इस संघर्ष में डेमोक्रेटिक टीचर्स फ्रंट, भारतीय किसान यूनियन एकता उगराहां, भारतीय किसान यूनियन एकता सिद्धूपुर और पूर्व सैनिक क्रांतिकारी यूनियन पंजाब सहित सभी आदर्श स्कूलों के कर्मचारी, बच्चों के अभिभावक और बच्चे शामिल हुए।
