Kairana Extortion Case: किरयाना व्यापारी की पत्नी से मांगी 50 लाख की रंगदारी, दो गिरफ्तार
पकड़े गए दोनों आरोपी मुजफ्फरनगर के निवासी, कब्जे से अवैध हथियार व मोबाइल फोन व सिम बरामद
कैराना (सच कहूँ न्यूज़)। Kairana Extortion Case: शामली पुलिस ने किरयाना व्यापारी की पत्नी से 50 लाख रुपये की रंगदारी मांगने के प्रकरण में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनके कब्जे से घटना में प्रयुक्त मोबाइल फोन-सिम व अवैध हथियार बरामद हुए है। पकड़े गए दोनों आरोपी मुजफ्फरनगर के रहने वाले है। दोनों को पुलिस ने चालान करके जेल भेज दिया है
विगत 12 अगस्त को राजेश गोयल निवासी गांधी गंज मण्डी शामली की पत्नी से फोन पर गाली-गलौच करते हुए 50 लाख रुपये की रंगदारी मांगने की घटना कारित की गई थी। राजेश गोयल की शामली के मुख्य बाजार में किरयाना की दुकान है। उनके पुत्र बाहर रहकर प्रोपर्टी डीलिंग का कार्य करते है। रंगदारी प्रकरण में पीड़ित व्यापारी की तहरीर के आधार पर कोतवाली शामली पर सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत किया गया था। इसी क्रम में विगत शनिवार को एसपी शामली नरेंद्र प्रताप सिंह निर्देशानुसार कोतवाली प्रभारी निरीक्षक धर्मेंद्र गौतम व एसआई विपिन शर्मा पुलिस टीम के साथ में नगर में चेकिंग अभियान चलाए हुए थे।
इसी दौरान शामली शुगर मिल से गांव लिलौन की ओर जाने वाले रास्ते से पुलिस टीम ने व्यापारी की पत्नी से 50 लाख रुपये की रंगदारी मांगने के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया, जिनके कब्जे से घटना में प्रयुक्त मोबाईल फोन व सिम, 315 बोर का तमंचा, दो जिंदा कारतूस व एक अवैध चाकू बरामद हुआ। पुलिस पूछताछ के दौरान पकड़े गए आरोपियों की पहचान हर्ष निवासी मोहल्ला जनकपुरी थाना सिविल लाइन मुजफ्फरनगर व मोहित उर्फ टीटू निवासी ग्राम सोहजनी जाटान जनपद मुजफ्फरनगर के रूप में हुई। वहीं, सीओ सिटी जितेंद्र सिंह ने बताया कि रंगदारी मांगने के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
घटना में लिप्त शेष आरोपियों की गिरफ्तारी हेतु प्रयास किये जा रहे है, जिनकी शीघ्र गिरफ्तारी सुनिश्चित की जायेगी। पकड़े गए दोनों आरोपी शातिर किस्म के अपराधी हैं, जिनके विरुद्ध जनपद हरियाणा एवं राजस्थान में पूर्व में भी अभियोग पंजीकृत होना प्रकाश में आया है। आरोपियों के आपराधिक इतिहास के संबंध में संबंधित जनपदों एवं राज्यों से जानकारी की जा रही है।
