शिक्षा और रोजगार
जन्मदिन से पहले पर्यावरण संरक्षण का संदेश, मीरापुर में डेरा अनुयायियों ने रोपे सैकड़ों पौधे
जन्मदिन से पहले पर्यावरण संरक्षण का संदेश, मीरापुर में डेरा अनुयायियों ने रोपे सैकड़ों पौधे
मीरापुर।(सच कहूं/कोमल कुमार) जन्मदिन का जश्न कुछ अलग अंदाज में मनाते हुए डेरा सच्चा सौदा प्रमुख संत डॉक्टर गुरमीत राम रहीम सिंह इंसा के अनुयायियों ने पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। 15 अगस्त को होने वाले जन्मदिन से एक दिन पहले 14 अगस्त को मीरापुर क्षेत्र में डेरा अनुयायियों ने बड़े स्तर पर पौधारोपण अभियान चलाया।
अभियान की शुरुआत संभलहेड़ा स्थित राजकीय कन्या हाई स्कूल परिसर से सुबह करीब 8 बजे हुई। अरदास के बाद राजकीय कन्या हाई स्कूल की अध्यापिका मीनाक्षी आर्य, एसडी जूनियर हाई स्कूल के प्रधानाचार्य पुष्पेंद्र शर्मा, मास्टर सुभाष इंसा और प्रेमी सेवक अनिल इंसा सहित अनुयायियों ने विद्यालय परिसर में फलदार पौधे लगाए।
इसके बाद अभियान संभलहेड़ा गांव के बंजर पड़े मैदान तक पहुंचा। यहां अनुयायियों ने फलदार और छायादार प्रजातियों के सैकड़ों पौधे रोपकर उन्हें संरक्षित करने का संकल्प लिया। इस दौरान लोगों को पर्यावरण को बचाने और अधिक से अधिक पौधे लगाने के लिए भी प्रेरित किया गया।
पौधारोपण कार्यक्रम में सुरेंद्र इंसा, बिजेंद्र इंसा, सतपाल इंसा, आजाद इंसा, दीपक इंसा, अरविंद इंसा, बिट्टू इंसा और राजेंद्र इंसा सहित बड़ी संख्या में अनुयायी शामिल हुए। कार्यक्रम के दौरान अनुयायियों में उत्साह नजर आया और उन्होंने एक-दूसरे को जन्मदिन की बधाई भी दी।
ब्लॉक प्रेमी सेवक अनिल इन्सां ने बताया कि 14 अगस्त को देशभर में चलाए जा रहे पौधारोपण अभियान का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण के प्रति लोगों को जागरूक करना है। मीरापुर क्षेत्र में लगाए गए पौधों की देखभाल की जिम्मेदारी भी अनुयायियों ने लेने की बात कही। अभियान के जरिए जन्मदिन के अवसर पर समाज को पर्यावरण संरक्षण का संदेश देने का प्रयास किया गया।