Bear Attack: बगीचे में पहुंचा अचानक भालू, युवक की चीख-पुकार सुन मौके पर पहुंचे ग्रामीण

किसी तरह युवक को भालू के चंगुल से बचाया, 22 वर्षीय युवक घायल

Published On

उत्तरकाशी (हि.स.)। उत्तराखंड के उत्तरकाशी जिले के मोरी क्षेत्र में शुक्रवार दोपहर भालू के हमले से एक 22 वर्षीय युवक घायल हो गया। घटना फिताड़ी गांव के पास हुई, जहां युवक अपने बगीचे में गया था। अचानक सामने आए भालू ने उस पर हमला कर दिया। युवक की चीख-पुकार सुनकर आसपास मौजूद ग्रामीण मौके पर पहुंचे और किसी तरह उसे भालू के चंगुल से बचाया। Uttarkashi News

जानकारी के अनुसार, फिताड़ी गांव निवासी अनिरुद्ध राणा (22) पुत्र सिलदार सिंह शुक्रवार को अपने बगीचे में गया था। बताया गया कि बौसनी नामे तोक क्षेत्र में पहले से मौजूद भालू ने अचानक युवक पर हमला कर दिया। हमले में युवक घायल हो गया। उसकी आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे और काफी प्रयास के बाद उसे भालू से बचाकर सुरक्षित स्थान पर लाए।

सड़क बंद होने से बढ़ी परेशानी

घायल युवक को तत्काल अस्पताल पहुंचाने में ग्रामीणों के सामने बड़ी समस्या खड़ी हो गई। जखोल-फिताड़ी मोटर मार्ग बंद होने के कारण एंबुलेंस या निजी वाहन सीधे गांव तक नहीं पहुंच सका। ऐसे में ग्रामीणों ने पारंपरिक डंडी-कंडी का सहारा लिया। घायल युवक को डंडी के माध्यम से पैदल जखोल तक लाया गया। वहां से वाहन की मदद से उसे मोरी अस्पताल पहुंचाया गया। Uttarkashi News

घायल अनिरुद्ध राणा को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) मोरी लाया गया, जहां उसका इलाज जारी है। चिकित्सकीय टीम की ओर से उसे प्राथमिक उपचार दिया गया। सुपिन रेंज के रेंजर गौरव अग्रवाल ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि फिताड़ी गांव में एक युवक भालू के हमले में घायल हुआ है। उसे उपचार के लिए CHC मोरी भेजा गया है और प्राथमिक चिकित्सा उपलब्ध कराई जा रही है।

घटना के बाद क्षेत्र में वन्यजीवों की गतिविधियों को लेकर ग्रामीणों में चिंता बढ़ गई है। पहाड़ी क्षेत्रों में मानव बस्तियों और जंगलों के आसपास भालुओं की मौजूदगी के कारण स्थानीय लोगों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है। वन विभाग की ओर से भी घटना की जानकारी जुटाई जा रही है। Uttarkashi News

About The Author

Related Posts