Weather News: दिल्ली-NCR से राजस्थान तक भारी बारिश का कहर, गुरुग्राम में 2 की मौत

कई इलाकों में जलभराव और बाढ़ जैसे हालात हैं।

Published On

Delhi-NCR Heavy Rain: नई दिल्ली/चंडीगढ़ (सच कहूँ/संदीप सिंहमार)। हरियाणा और दिल्ली-एनसीआर में तेज बरसात ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया। गुरुग्राम के डीएलएफ फेज-2 स्थित वसंत वैली स्कूल की दीवार गिरने से दो लोगों की मौत हो गई। मृतकों की पहचान मेरठ के किठौर के दयानंद और उनके साथ आए मासूम सूरज के रूप में हुई है। दोनों शुक्रवार को ही स्कूल की दीवार ठीक करने आए थे। घटनास्थल पर भारी भीड़ और हाई अलर्ट जारी है। Weather News

गुरुग्राम, रेवाड़ी, फरीदाबाद, भिवानी, पानीपत, नारनौल, हांसी, महेंद्रगढ़, नूंह, रोहतक और सोनीपत में तेज बारिश दर्ज हुई। पलवल में 78 मिमी बारिश सबसे अधिक रिकॉर्ड की गई। गुरुग्राम के नॉर्थकैप यूनिवर्सिटी क्षेत्र में 57 मिमी और यमुनानगर में 32 मिमी बारिश रिकॉर्ड हुई। फरीदाबाद में लगातार तीसरे दिन बरसात से कई निचले इलाकों में पानी भर गया।

फरीदाबाद की सब्जी मंडी व रेवाड़ी की पुरानी सब्जी मंडी में जलभराव के कारण कारोबार व आवाजाही प्रभावित रही, रेवाड़ी में जलभराव के दौरान एक स्कूटी गड्ढे में पलटने से स्कूटी सवार व उसके साथ मौजूद बच्चा पानी में गिरे। नोएडा सेक्टर-95 में एक एम्बुलेंस पानी में फंस गयी। द्वारका सेक्टर-25 में गुरुवार को तेज बहाव में एक युवक बह गया, 7 घंटे के रेस्क्यू के बावजूद उसे नहीं पाया जा सका। 

भारतीय मौसम विभाग ने शनिवार के लिए महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, मेवात और पलवल जिलों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। दिल्ली-एनसीआर में कई सड़कों पर जलभराव से ट्रैफिक जाम रहा। उत्तराखंड में लगातार बारिश से अलकनंदा, मंदाकिनी, भागीरथी समेत छह नदियाँ खतरे के स्तर पर बह रही हैं,हरिद्वार-ऋषिकेश के घाट और कई मंदिर जलमग्न हो चुके हैं। रुद्रप्रयाग में स्कूल बंद किए गए। राज्य में 132 सड़कें और बद्रीनाथ, गंगोत्री, यमुनोत्री नेशनल हाईवे बंद हैं। Weather News

उत्तर प्रदेश में नदियां ऊफान पर

फरुर्खाबाद में गंगा खतरे के निशान के निकट पहुंच गई, 33 गाँव और 40 सरकारी स्कूलों में बाढ़ का पानी घुसा है। बलिया में एक सप्ताह में 27 घर सरयू नदी में समा चुके हैं। राजस्थान के कई हिस्सों में भी तेज बारिश देखी गई। जयपुर में देर रात शुरू हुई बरसात सुबह तक जारी रही। सीकर के श्रीमाधोपुर में प्रमुख बाजारों में तीन फीट तक पानी भर गया। चूरू के सादुलपुर में 4 फीट तक जलभराव दर्ज किया गया। धौलपुर के राजाखेड़ा में कॉलोनियों की सड़कें डूबीं। भरतपुर के बरेठा बांध का जलस्तर 26.60 फीट तक पहुंच गया। 29 फीट तक भराव क्षमता होने से गेज 27 फीट पार होते ही गेट खोलने की संभावना जताई जा रही है। Weather News

About The Author

Related Posts