BSF-पंजाब पुलिस की बड़ी कार्रवाई! पाकिस्तान सीमा पार से आई करीब 100 करोड़ से अधिक मूल्य की हेरोइन की खेप बरामद
30 किलो से अधिक हेरोइन सहित 2 तस्कर गिरफ्तार
फाजिल्का/श्रीगंगानगर। पंजाब में सीमा पार से मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ सुरक्षा एजेंसियों को बड़ी सफलता मिली है। सीमा सुरक्षा बल (BSF) और पंजाब पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में 30 किलो से अधिक हेरोइन बरामद की गई है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में इस खेप की कीमत करीब 100 करोड़ रुपये से अधिक आंकी जा रही है। कार्रवाई के दौरान सुरक्षा एजेंसियों ने दो संदिग्ध तस्करों को भी गिरफ्तार किया है। Sri Ganganagar News
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, पाकिस्तान की ओर से सीमा पार कर पंजाब में भेजी गई मादक पदार्थों की इस खेप को ठिकाने लगाने की तैयारी थी। संयुक्त टीम ने सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए पंजाब के शतिरवाला के आसपास तलाशी अभियान चलाया। इसी दौरान संदिग्ध गतिविधियों के आधार पर दो लोगों को पकड़ लिया गया और उनके कब्जे से बड़ी मात्रा में हेरोइन बरामद की गई।
50 से अधिक पैकेट में मिली हेरोइन
सुरक्षा एजेंसियों के अनुसार बरामद हेरोइन को 50 से अधिक पैकेटों में पैक किया गया था। कुल वजन 30 किलो से अधिक बताया जा रहा है। बरामद खेप की कीमत करीब 100 करोड़ रुपये से अधिक होने का अनुमान है। कार्रवाई के बाद सुरक्षा एजेंसियों ने बरामद मादक पदार्थ और गिरफ्तार किए गए दोनों आरोपियों को कब्जे में लेकर आगे की जांच शुरू कर दी है। यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि इतनी बड़ी खेप किसके इशारे पर पंजाब लाई गई थी और इसे आगे कहां पहुंचाया जाना था। Sri Ganganagar News
यह कार्रवाई भौगोलिक रूप से भी महत्वपूर्ण मानी जा रही है। फाजिल्का जिला राजस्थान के श्रीगंगानगर जिले से सटा हुआ है। जानकारी के अनुसार जिस स्थान पर हेरोइन की खेप बरामद हुई, वह श्रीगंगानगर जिले की सीमा से करीब 20 किलोमीटर अंदर पंजाब की ओर स्थित है। सीमा क्षेत्र से सटे इलाकों में मादक पदार्थों की तस्करी को रोकना सुरक्षा एजेंसियों के लिए बड़ी चुनौती रहा है। ऐसे में BSF और पंजाब पुलिस की संयुक्त कार्रवाई को तस्करी नेटवर्क के खिलाफ अहम सफलता माना जा रहा है।
तस्करी नेटवर्क की कड़ियां खंगालने में जुटी एजेंसियां
दो आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद जांच एजेंसियां अब पूरे नेटवर्क की जानकारी जुटाने में लगी हैं। जांच में यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि बरामद हेरोइन पाकिस्तान से किस माध्यम से भेजी गई, पंजाब में इसे किसने रिसीव किया और इसके पीछे कौन-कौन लोग शामिल हैं।
सुरक्षा एजेंसियां आरोपियों से पूछताछ के साथ-साथ उनके संपर्कों और संभावित तस्करी नेटवर्क की भी जांच कर रही हैं। मामले में आगे और गिरफ्तारियां होने की संभावना से भी इनकार नहीं किया गया है। BSF और पंजाब पुलिस की इस संयुक्त कार्रवाई के बाद सीमावर्ती क्षेत्रों में निगरानी और तलाशी अभियान को और मजबूत किए जाने की उम्मीद है। Sri Ganganagar News