शिक्षा और रोजगार
Delhi Govt Employees News: दिल्ली की रेखा सरकार का ऐतिहासिक फैसला, आपदा प्रबंधन कर्मियों को दिया बड़ा तोहफा
मानदेय में होगी 100% तक बढ़ोतरी
Delhi Disaster Management Honorarium: नई दिल्ली। राजधानी की आपदा प्रबंधन प्रणाली को अधिक प्रभावी और आधुनिक बनाने की दिशा में दिल्ली सरकार ने महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने घोषणा की है कि दिल्ली राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (डीएसडीएमए) के अंतर्गत कार्यरत परियोजना अधिकारियों, जिला परियोजना अधिकारियों और परियोजना समन्वयकों के मानदेय में उल्लेखनीय वृद्धि की जाएगी। Delhi Govt Employees News
सरकार के अनुसार, नई व्यवस्था लागू होने के बाद इन संविदा कर्मियों के मानदेय में 100 प्रतिशत तक की बढ़ोतरी संभव होगी। लंबे समय से वेतन संशोधन की मांग कर रहे कर्मचारियों के लिए इसे बड़ी राहत माना जा रहा है। बताया गया कि वर्ष 2009 से कार्यरत इन अधिकारियों के मानदेय में अब तक कोई संशोधन नहीं किया गया था, जबकि इस दौरान उनकी जिम्मेदारियों और कार्यक्षेत्र में लगातार विस्तार हुआ।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आपदा प्रबंधन से जुड़े ये अधिकारी केवल प्रशासनिक कार्यों तक सीमित नहीं हैं, बल्कि आपदा की स्थिति में राहत एवं बचाव कार्यों के समन्वय, जोखिम आकलन, जिला स्तरीय योजनाओं के निर्माण, प्रशिक्षण कार्यक्रमों के आयोजन और विभिन्न एजेंसियों के बीच तालमेल स्थापित करने जैसी महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां भी निभाते हैं। Delhi Govt Employees News
सरकार का मानना है कि बदलते समय, बढ़ती महंगाई और आपदा प्रबंधन की जटिल चुनौतियों को देखते हुए इन पदों के लिए बेहतर और प्रतिस्पर्धी पारिश्रमिक आवश्यक था। इसी उद्देश्य से नई मानदेय संरचना तैयार की गई है, ताकि कर्मचारियों के अनुभव, तकनीकी दक्षता और कार्य की प्रकृति के अनुरूप उचित पारिश्रमिक सुनिश्चित किया जा सके।
मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि अन्य राज्यों और दिल्ली सरकार के कई विभागों की तुलना में डीएसडीएमए के कर्मचारियों का मानदेय काफी कम था। नई व्यवस्था के माध्यम से इस अंतर को कम करने और आपदा प्रबंधन तंत्र को अधिक पेशेवर बनाने का प्रयास किया जा रहा है। सरकार ने संकेत दिए हैं कि भविष्य में प्रदर्शन आधारित वार्षिक वेतन वृद्धि, स्वास्थ्य सुरक्षा, प्रशिक्षण, क्षमता विकास कार्यक्रम और अन्य कर्मचारी कल्याण योजनाओं पर भी विचार किया जाएगा।
इससे न केवल कर्मचारियों का मनोबल बढ़ेगा, बल्कि राजधानी की आपदा प्रबंधन व्यवस्था भी और अधिक मजबूत एवं सक्षम बन सकेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का उद्देश्य केवल वेतन वृद्धि तक सीमित नहीं है, बल्कि ऐसी प्रणाली विकसित करना है जो भविष्य की आपदाओं से प्रभावी ढंग से निपटने में सक्षम हो और दिल्ली के करोड़ों नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित कर सके। Delhi Govt Employees News