शिक्षा और रोजगार
देहरादून में गुमशुदगी की जांच से खुला कांवड़िए की मौत का राज
- शव को गंगनहर में फेंकने के आरोप में दो गिरफ्तार
ऋषिकेश (सच कहूँ न्यूज) कांवड़ यात्रा के दौरान उत्तराखंड रायवाला क्षेत्र में हुई एक सड़क दुर्घटना की जांच के दौरान पुलिस को चौकाने वाली जानकारी मिली। पुलिस ने रविवार को बताया कि पहले गुमशुदगी के रूप में दर्ज मामले की पड़ताल करते हुए देहरादून पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहन के चालक और उसके मौसेर भाई को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने बताया कि हादसे में मृत एक कांवड़िए के शव को साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से गंगनहर में फेंक दिया गया था।
पुलिस के अनुसार, हरियाणा के झज्जर निवासी दीपक राठी ने 29 जुलाई को अपने पिता प्रदीप राठी के रायवाला से लापता होने की शिकायत दर्ज कराई थी। जांच के दौरान पुलिस ने रायवाला थाना क्षेत्र और आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। इसी दौरान सामने आया कि 26 जुलाई की सुबह थाना गेट के सामने से गुजरने के कुछ ही मिनट बाद वन डिपो के समीप एक मैक्स वाहन ने दो कांवड़ियों को टक्कर मार दी थी।
दुर्घटना में राजस्थान निवासी सत्यनारायण की उपचार के दौरान मौत हो गयी थी, जबकि दूसरे घायल की पहचान नहीं हो सकी थी। जब पुलिस ने दुर्घटना की फुटेज प्रदीप राठी के परिजनों को दिखाई तो उन्होंने दूसरे घायल की पहचान प्रदीप राठी के रूप में की। इसके बाद जांच की दिशा पूरी तरह बदल गई।
सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस मैक्स वाहन संख्या यूके 02टीए-1488 तक पहुंची और चालक रविन्द्र सिंह नेगी को हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वाहन चलाते समय उसे झपकी आ गई थी, जिससे दोनों कांवड़िए उसकी गाड़ी की चपेट में आ गए। एक व्यक्ति मौके पर गिर गया, जबकि दूसरा वाहन में फंसकर कुछ दूरी तक घिसटता चला गया।
आरोपी ने बताया कि वह घायल को अस्पताल ले जाने निकला, लेकिन रास्ते में उसकी मौत हो गयी। घबराहट में उसने अपने मौसेरे भाई सौरभ सिंह पंवार को बुलाया। दोनों ने मिलकर शव को प्लास्टिक की तिरपाल में लपेटा और रुड़की क्षेत्र में आसफनगर झाल के आगे सुनसान स्थान पर गंगनहर में फेंक दिया, ताकि दुर्घटना के साक्ष्य समाप्त किए जा सकें।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से दुर्घटना में प्रयुक्त मैक्स वाहन, शव लपेटने में इस्तेमाल पीली तिरपाल और मैट बरामद कर लिया है। वहीं, प्रदीप राठी के शव की बरामदगी के लिए गंगनहर क्षेत्र में पुलिस टीमें लगातार सर्च अभियान चला रही हैं। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि गुमशुदगी और दुर्घटना के अलग-अलग मामलों को जोड़कर की गयी सूक्ष्म जांच, सीसीटीवी फुटेज के गहन विश्लेषण और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर इस पूरे मामले का पदार्फाश किया गया। मामले में अग्रिम वैधानिक कार्रवाई जारी है।