CBSE North Zone-2 Swimming Championship: ब्राइट स्कॉलर स्कूल सोनीपत बना ओवरऑल चैंपियन

विश्वस्तरीय सुविधाओं और बेहतरीन व्यवस्थाओं के बीच संपन्न हुई सीबीएसई नॉर्थ जोन-2 स्विमिंग चैंपियनशिप 

Published On

सरसा (सच कहूँ/सुनील वर्मा)। CBSE North Zone-II Boys Swimming Championship 2026: एमएसजी भारतीय खेल गांव में चार दिनों तक चली सीबीएसई नॉर्थ जोन-2 बालक वर्ग स्विमिंग चैंपियनशिप केवल खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन तक सीमित नहीं रही, बल्कि यहां की विश्वस्तरीय खेल सुविधाओं, अनुशासित आयोजन और बेहतरीन व्यवस्थाओं ने भी सभी प्रतिभागियों व अधिकारियों का दिल जीत लिया। अंतरराष्ट्रीय मानकों वाले स्विमिंग पूल और आधुनिक इलेक्ट्रॉनिक टाइमिंग सिस्टम के बीच आयोजित प्रतियोगिता का रंगारंग समापन बुधवार को हुआ। छह राज्यों एवं केंद्रशासित प्रदेशों के तैराकों के बीच हुए मुकाबलों में ब्राइट स्कॉलर स्कूल सोनीपत ओवरआॅल चैंपियन बना, जबकि जीडी गोयनका स्कूल, झज्जर उपविजेता और जीसस सेक्रेड हार्ट स्कूल, लुधियाना तीसरे स्थान पर रहा। समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में सीटीएम सरसा अजय सिंह ने शिरकत की और विजेता टीमों सहित विभिन्न स्पर्धाओं के विजेता खिलाड़ियों को ट्रॉफी व मेडल पहनाकर सम्मानित किया।

विशिष्ट अतिथि के रूप में डेरा सच्चा सौदा के वाइस चेयरमैन डॉ. पीआर नैन उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता शाह सतनाम जी शिक्षण संस्थानों के प्रशासक चरणजीत सिंह इन्सां तथा स्पोर्ट्स हेड कोच नवजीत भुल्लर ने की। समारोह में सीबीएसई आॅब्जर्वर डॉ. गार्गी, आयोजन विद्यालय की प्रधानाचार्या डॉ. शीला पूनिया इन्सां, शाह सतनाम जी बॉयज कॉलेज के प्राचार्य डॉ. दिलावर सिंह, स्कूल के प्रधानाचार्य राकेश धवन इन्सां तथा सेंट एमएसजी ग्लोरियस इंटरनेशनल स्कूल बॉयज विंग के प्राचार्य अजय धमीजा इन्सां भी मौजूद रहे। मुख्य अतिथि एवं अन्य अतिथियों का एमएसजी भारतीय खेल गांव पहुंचने पर डेरा सच्चा सौदा के वाइस चेयरमैन तथा शाह सतनाम जी शिक्षण संस्थानों की प्रबंधन समिति ने स्वागत किया। समापन समारोह के अंत में सभी अतिथियों को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया।

वहीं अंत में शाह सतनाम जी गर्ल्स स्कूल की प्रधानाचार्या डा. शीला पूनिया इन्सां ने चैंपियनशिप को सफल बनाने के लिए सभी का धन्यवाद किया। वहीं प्रतियोगिता में मंगलवार शाम आयोजित पुरस्कार वितरण समारोह में जिला शिक्षा अधिकारी सुभाष कुमार फुटेला तथा उप जिला शिक्षा अधिकारी कृष्ण कुमार वर्मा ने मुख्य अतिथि के रूप में विजेता खिलाड़ियों को मेडल पहनाकर सम्मानित किया। वहीं बुधवार सुबह के सत्र में एईओ हरबंस सिंह ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

इन खिलाड़ियों ने जीता बेस्ट स्विमर का खिताब

अंडर-19 आयु वर्ग में आॅर्किड इंटरनेशनल स्कूल, सोनीपत के आर्यन वीर खत्री और आईशर स्कूल, फरीदाबाद के दर्श सिंह ने पांच-पांच स्वर्ण पदक जीतकर संयुक्त रूप से बेस्ट स्विमर का खिताब जीता।
अंडर-17 वर्ग में जीसस सेक्रेड हार्ट स्कूल, लुधियाना के ओजस ने पांच स्वर्ण पदक जीतकर अपने वर्ग का सर्वश्रेष्ठ तैराक बनने का गौरव हासिल किया।

अंडर-14 वर्ग में ब्राइट स्कॉलर स्कूल, सोनीपत के अनाव मलिक ने चार स्वर्ण पदक जीतकर बेस्ट स्विमर का सम्मान अपने नाम किया।

अंडर-11 वर्ग में हॉली चिल्ड पब्लिक स्कूल, सेक्टर-29 के विराट ने दो स्वर्ण और एक रजत पदक जीतकर अपने वर्ग में सर्वश्रेष्ठ तैराक बनने का गौरव प्राप्त किया।

खिलाड़ियों और अधिकारियों पर छोड़ी गहरी छाप

चार दिनों तक चली इस चैंपियनशिप में खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट खेल भावना, अनुशासन और प्रतिस्पर्धा का परिचय दिया। आधुनिक इलेक्ट्रॉनिक टाइमिंग सिस्टम, अंतरराष्ट्रीय स्तर के स्विमिंग पूल, सुव्यवस्थित आयोजन और खिलाड़ियों के लिए उपलब्ध कराई गई उत्कृष्ट सुविधाओं ने प्रतियोगिता को यादगार बना दिया। आयोजन में शामिल खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और अधिकारियों ने एमएसजी भारतीय खेल गांव की खेल अधोसंरचना और व्यवस्थाओं की मुक्तकंठ से सराहना की। सफल आयोजन ने एक बार फिर साबित किया कि एमएसजी भारतीय खेल गांव राष्ट्रीय स्तर की बड़ी खेल प्रतियोगिताओं के आयोजन के लिए पूरी तरह सक्षम है।

खेल अनुशासन, आत्मविश्वास और स्वस्थ जीवन की सबसे बड़ी पाठशाला हैं: अजय सिंह

सीटीएम अजय सिंह ने कहा कि खेल केवल पदक जीतने या हार-जीत तक सीमित नहीं हैं, बल्कि वे अनुशासन, आत्मविश्वास, संघर्ष और स्वस्थ जीवनशैली का सबसे सशक्त माध्यम हैं। एक सच्चा खिलाड़ी वही होता है, जो जीत में विनम्र और हार में धैर्य बनाए रखे। हार कभी स्थायी नहीं होती और हर सफल खिलाड़ी ने अपने जीवन में किसी न किसी मोड़ पर असफलताओं का सामना कर उनसे सीख लेकर ही सफलता हासिल की है। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहने का आह्वान करते हुए कहा कि नशा व्यक्ति के सपनों, भविष्य और जीवन तीनों को बर्बाद कर देता है। यदि युवा अपनी ऊर्जा खेलों और सकारात्मक गतिविधियों में लगाएंगे तो वे स्वयं भी स्वस्थ रहेंगे और देश का भविष्य भी मजबूत होगा।

अजय सिंह ने कहा कि डेरा सच्चा सौदा द्वारा विकसित एमएसजी भारतीय खेल गांव तथा शाह सतनाम जी शिक्षण संस्थानों का खेल ढांचा हरियाणा के उत्कृष्ट खेल परिसरों में शामिल है। ग्रामीण क्षेत्र में अंतरराष्ट्रीय स्तर की खेल सुविधाएं उपलब्ध कराना अपने आप में बड़ी उपलब्धि है। सामान्य तौर पर सरसा को पिछड़ा जिला माना जाता है, लेकिन एमएसजी भारतीय खेल गांव की अत्याधुनिक खेल अधोसंरचना, विश्वस्तरीय स्विमिंग पूल और आधुनिक सुविधाओं को देखकर यह धारणा पूरी तरह बदल जाती है। उन्होंने खिलाड़ियों से इन सुविधाओं का अधिकतम लाभ उठाकर राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सरसा व हरियाणा का नाम रोशन करने का आह्वान किया। शाह सतनाम जी क्रिकेट अकादमी के खिलाड़ी कनिष्क चौहान का उदाहरण देते हुए उन्होंने कहा कि यहां का खेल माहौल प्रतिभाओं को नई पहचान देने की क्षमता रखता है।

कनिष्क पहले भारत की अंडर-19 विश्व कप विजेता टीम का हिस्सा बना और बाद में अपनी प्रतिभा के दम पर आईपीएल फ्रेंचाइजी आरसीबी तक पहुंचा। सीटीएम ने डेरा सच्चा सौदा के पूज्य गुरु संत डॉ. गुरमीत राम रहीम सिंह जी इन्सां की सराहना करते हुए कहा कि उनके मार्गदर्शन में तैयार किया गया यह खेल इंफ्रास्ट्रक्चर न केवल खिलाड़ियों को विश्वस्तरीय सुविधाएं उपलब्ध करा रहा है, बल्कि छोटे शहर में नॉर्थ जोन स्तर की प्रतियोगिता का सफल आयोजन कर पूरे प्रदेश के लिए एक प्रेरणादायी उदाहरण भी प्रस्तुत कर रहा है। ऐसी खेल अधोसंरचना निश्चित रूप से भविष्य में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर के अनेक खिलाड़ियों को तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

CBSE North Zone-2 Swimming Championship
CBSE North Zone-2 Swimming Championship: विश्वस्तरीय सुविधाओं और बेहतरीन व्यवस्थाओं के बीच संपन्न हुई सीबीएसई नॉर्थ जोन-2 स्विमिंग चैंपियनशिप

About The Author

Related Posts