वार्ता में बनी सहमति, डबली कलां में पेयजल समस्या को लेकर चल रहा धरना खत्म

पानी की मांग को लेकर प्रदर्शन, विभाग ने दिया समाधान का भरोसा

Published On

टिब्बी (सच कहूँ न्यूज़)। Tibbi News: क्षेत्र के डबली कलां गांव में पेयजल समस्या को लेकर सोमवार को ग्रामीणों का धरना अधिकारियों के साथ हुई वार्ता के बाद समाप्त हो गया। जलदाय विभाग द्वारा जल्द फिल्टर की सफाई करवाने और नई मोटर लगाने का आश्वासन दिए जाने पर ग्रामीणों ने आंदोलन वापस ले लिया।

 पेयजल संकट से परेशान ग्रामीणों ने जलदाय विभाग के एक निजी कार्मिक को वाटरवर्क्स के कमरे में बंद कर दिया और परिसर के बाहर धरने पर बैठ गए। ग्रामीणों का कहना था कि गांव में लंबे समय से पेयजल आपूर्ति प्रभावित है। फिल्टर की सफाई और नई मोटर लगाने की मांग कई बार उठाई जा चुकी है, लेकिन विभाग की ओर से स्थायी समाधान नहीं किया गया। पूर्व में दिए गए आश्वासन भी पूरे नहीं होने से ग्रामीणों में नाराजगी थी।

घटना की सूचना मिलने पर तलवाड़ा थानाधिकारी राजपाल सिंह पुलिस जाब्ते के साथ मौके पर पहुंचे। इसके बाद जलदाय विभाग के सहायक अभियंता दिनेश कुमार और कनिष्ठ अभियंता कुलवंत सुथार ने ग्रामीणों से वार्ता की। वार्ता के दौरान अधिकारियों ने शीघ्र फिल्टर की सफाई कराने तथा नई मोटर लगाने का भरोसा दिया, जिस पर दोनों पक्षों में सहमति बन गई और काम भी शुरू करवा दिया गया।

सहमति बनने के बाद ग्रामीणों ने धरना समाप्त कर वाटरवर्क्स का गेट खोल दिया और कमरे में बंद निजी कार्मिक को मुक्त कर दिया। मौके पर स्थिति पूरी तरह सामान्य रही। हालांकि ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि तय समय में पेयजल समस्या का समाधान नहीं हुआ तो वे दोबारा आंदोलन करने को मजबूर होंगे।

इस अवसर पर चंदू राम सहारण, सुनील पटीर, पूर्ण राम जिंगल, मुंशी वर्मा, पृथ्वी बुरड़क, रामनिवास छींपा, अनिल छींपा, कालू वर्मा, राजेंद्र पिलानिया, पाला राम सहारण, साहब राम सहारण, महेंद्र सीगड़, देवी लाल सहारण, जीतू सहारण, राजू बारूपाल, भीम सैन कूकना सहित अनेक ग्रामीण मौजूद रहे।

Tibbi News

About The Author

Related Posts