Train Accident: ट्रेन से गिरकर युवक की मौत, दिल्ली से लौटते समय हुआ हादसा
नोएडा में करता था नौकरी, भीड़ के कारण ट्रेन के गेट पर खड़ा था युवक, कानपुर में हादसा
कानपुर, (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद कानपुर के महाराजपुर थाना क्षेत्र में खजुरी रेलवे अंडरपास के पास चलती ट्रेन से गिरने से बिहार निवासी एक युवक की मौत हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची, शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा और मृतक के परिजनों को घटना की जानकारी दी।
मृतक की पहचान बिहार के मुजफ्फरपुर जिले के भभुआ थाना क्षेत्र स्थित बारे गांव निवासी विजय कुमार गुप्ता (21) के रूप में हुई है। वह नोएडा की एक कंपनी में सीएनसी मशीन ऑपरेटर के पद पर कार्यरत था। पुलिस के अनुसार विजय अपने साथियों के साथ दिल्ली से ट्रेन से अपने घर लौट रहा था। बताया गया कि यात्रा के दौरान ट्रेन में अत्यधिक भीड़ होने के कारण विजय कोच के गेट के पास खड़ा था। Train Accident News
महाराजपुर क्षेत्र से गुजरते समय अचानक उसका संतुलन बिगड़ गया और वह चलती ट्रेन से नीचे गिर गया। साथियों ने काफी देर तक उसकी तलाश की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिलने पर रेलवे और स्थानीय पुलिस को सूचना दी गई।रेलवे ट्रैक पर कार्य कर रहे कर्मचारियों ने मंगलवार को खजुरी रेलवे अंडरपास के पास एक युवक का शव पड़ा देखा, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
मौके पर पहुंची पुलिस ने शव की पहचान कर परिजनों को सूचित किया और आवश्यक कार्रवाई शुरू की। महाराजपुर थाना प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला चलती ट्रेन से गिरने का प्रतीत होता है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य तथ्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। Train Accident News