शिक्षा और रोजगार
Himachal Weather News: हिमाचल में अचानक बाढ़ का खतरा, मौसम विभाग ने जारी किया भारी बारिश का अलर्ट
कई जिलों में फ्लैश फ्लड और भूस्खलन का खतरा
Himachal Pradesh Weather Alert: शिमला। हिमाचल प्रदेश में मानसून ने एक बार फिर रफ्तार पकड़ ली है। लगातार हो रही वर्षा को देखते हुए भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने राज्य के कई जिलों में अचानक बाढ़ (फ्लैश फ्लड), भूस्खलन और जलभराव की आशंका जताई है। मौसम विभाग ने लोगों से सतर्क रहने और अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी है। Himachal Weather News
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार चंबा, कांगड़ा, कुल्लू, शिमला और सिरमौर जिलों में तेज बारिश के कारण छोटे नदी-नालों और खड्डों का जलस्तर अचानक बढ़ सकता है। निचले क्षेत्रों में जलभराव और पहाड़ी इलाकों में मलबा गिरने की संभावना को देखते हुए प्रशासन ने निगरानी बढ़ा दी है।
प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में 8 अगस्त तक रुक-रुक कर भारी वर्षा होने का अनुमान है। इसी के मद्देनुसार कई जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। प्रशासन ने स्थानीय लोगों और पर्यटकों से मौसम संबंधी चेतावनियों का पालन करने तथा जोखिम वाले क्षेत्रों से दूर रहने की अपील की है। Himachal Weather News
रविवार को भी राजधानी शिमला सहित कई क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। लगातार वर्षा का असर परिवहन व्यवस्था पर भी दिखाई दे रहा है। भूस्खलन और मलबा आने के कारण राज्य में करीब 100 सड़कें प्रभावित हैं। मंडी, कुल्लू और चंबा जिलों में सबसे अधिक दिक्कतें सामने आई हैं। कुछ क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति और पेयजल सेवाएं भी प्रभावित हुई हैं, जिन्हें बहाल करने का कार्य जारी है।
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार आगामी दिनों में अलग-अलग जिलों में भारी वर्षा की संभावना बनी रहेगी। 3 अगस्त को बिलासपुर, कांगड़ा, चंबा और सिरमौर, 4 अगस्त को ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर और कांगड़ा, 5 अगस्त को ऊना, चंबा, कांगड़ा और मंडी तथा 6 अगस्त को ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर, कांगड़ा, मंडी, सोलन और सिरमौर के कुछ हिस्सों में तेज बारिश हो सकती है। Himachal Weather News
पिछले 24 घंटों में बिलासपुर जिले के ब्रह्माणी क्षेत्र में सर्वाधिक 9 सेंटीमीटर वर्षा दर्ज की गई। इसके अलावा पांवटा, रायपुर मैदान, बिलासपुर सदर, बरठीं, सोलन, कंडाघाट और देहरा गोपीपुर समेत कई स्थानों पर भी अच्छी बारिश रिकॉर्ड की गई।
मौसम विभाग का कहना है कि इस मानसून सीजन में अब तक प्रदेश में सामान्य से लगभग 6 प्रतिशत कम वर्षा दर्ज हुई है, लेकिन अगले कुछ दिनों में सक्रिय मानसून के कारण बारिश की तीव्रता बढ़ सकती है। विभाग ने नागरिकों से नदी-नालों के समीप न जाने, भूस्खलन संभावित क्षेत्रों में विशेष सावधानी बरतने और यात्रा से पहले मौसम तथा सड़क की स्थिति की जानकारी लेने की सलाह दी है। Himachal Weather News