शिक्षा और रोजगार
सीएम भगवंत मान ने लुधियाना को दी दो नए स्कूल ऑफ एमिनेंस की सौगात
मुख्यमंत्री ने उद्घाटन के बाद किया स्कूलों का दौरा, विद्यार्थियों से सीखने के अनुभवों पर की चर्चा
लुधियाना (सच कहूँँ न्यूज)। Ludhiana News: पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने रविवार को लुधियाना के किदवई नगर और मिलरगंज में दो नए स्कूल ऑफ एमिनेंस का उद्घाटन कर उन्हें जनता को समर्पित किया। इन दोनों स्कूलों के शुरू होने के साथ ही लुधियाना में स्कूल ऑफ एमिनेंस की संख्या बढ़कर 16 हो गई है, जो राज्य में सबसे अधिक है। उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि आधुनिक कक्षाओं, अत्याधुनिक प्रयोगशालाओं, पुस्तकालय, आॅडिटोरियम और अन्य सुविधाओं से सुसज्जित ये स्कूल सरकारी शिक्षा व्यवस्था को विश्वस्तरीय बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं।
उन्होंने कहा कि बेहतर बुनियादी ढांचे, शिक्षकों के विदेश प्रशिक्षण और आधुनिक शिक्षण पद्धतियों के कारण अब अभिभावक अपने बच्चों का दाखिला निजी स्कूलों से निकालकर सरकारी स्कूलों में करवा रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि जब उनकी सरकार बनी थी, तब पंजाब स्कूल शिक्षा के क्षेत्र में देश में 27वें स्थान पर था, लेकिन आज राज्य पहले स्थान पर पहुंच गया है। उन्होंने कहा कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के माध्यम से सरकार स्वस्थ, शिक्षित और नशामुक्त पंजाब का निर्माण कर रही है। मान ने उद्घाटन के बाद स्कूलों का दौरा किया और विद्यार्थियों से उनकी पढ़ाई, विज्ञान प्रयोगों तथा सीखने के अनुभवों पर चर्चा की। उन्होंने विज्ञान प्रयोगशालाओं, कक्षाओं और अन्य सुविधाओं का निरीक्षण किया तथा शिक्षकों और स्कूल स्टाफ की सराहना की। इस दौरान कई विद्यार्थियों ने मुख्यमंत्री से आॅटोग्राफ लिए और हाथ से बनाए गए चित्र भेंट कर उनका स्वागत किया।
आधुनिक सुविधाओं से लैस हैं दोनों स्कूल
मुख्यमंत्री ने बताया कि किदवई नगर स्कूल आॅफ एमिनेंस का निर्माण 10.62 करोड़ रुपये की लागत से किया गया है। 8,300 वर्ग गज क्षेत्र में बने इस भवन में 60 कमरे, जिनमें 27 कक्षाएँ, सात आधुनिक प्रयोगशालाएँ, पुस्तकालय, प्रधानाचार्य कक्ष, 500 विद्यार्थियों की क्षमता वाला आधुनिक आॅडिटोरियम और नौ शौचालय शामिल हैं। मिलरगंज स्कूल ऑफ एमिनेंस का निर्माण 3.48 करोड़ रुपये की लागत से 1,800 वर्ग गज क्षेत्र में किया गया है। इसमें 22 कमरे, 11 कक्षाएँ, सात प्रयोगशालाएँ, प्रधानाचार्य कक्ष, छह शौचालय तथा विद्यार्थियों की सुविधा के लिए लिफ्ट की व्यवस्था की गई है। मुख्यमंत्री ने बताया कि इससे पहले लुधियाना के इंदरपुरी में भी अत्याधुनिक सुविधाओं वाला स्कूल आॅफ एमिनेंस शुरू किया गया था, जिसमें स्विमिंग पूल और टेनिस कोर्ट जैस सुविधाएं उपलब्ध हैं। वहाँ विद्यार्थियों की संख्या 1,320 से बढ़कर 1,788 हो गई है।
सीएम मान ने कहा कि जिले के 200 सरकारी स्कूलों के बुनियादी ढांचे को उन्नत किया गया है और लगभग तीन लाख विद्यार्थी सरकारी स्कूलों में शिक्षा प्राप्त कर रहे हैं। वर्तमान में लुधियाना में 16 स्कूल आॅफ एमिनेंस, 11 स्कूल आॅफ ब्रिलियंस और 35 स्कूल आॅफ हैप्पीनेस संचालित हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि शिक्षा ही गरीबी और सामाजिक बुराइयों से बाहर निकलने का सबसे प्रभावी माध्यम है। सरकार का लक्ष्य है कि आर्थिक स्थिति चाहे जैसी भी हो, प्रत्येक बच्चे को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिले।
मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2021 में सरकारी स्कूलों के केवल 80 विद्यार्थी नीट परीक्षा में सफल हुए थे, जबकि वर्ष 2026 में यह संख्या बढ़कर 881 हो गई है। इसी तरह इस वर्ष सरकारी स्कूलों के 125 से अधिक विद्यार्थियों ने जेईई मेन परीक्षा भी उत्तीर्ण की है। उन्होंने कहा कि लुधियाना जिले के 155 विद्यार्थियों ने जेईई और नीट परीक्षाओं में सफलता हासिल की है, जबकि 47 विद्यार्थियों ने पंजाब स्टेट टैलेंट सर्च परीक्षा पास की है। उन्होंने बताया कि पिछले वर्ष लुधियाना के 201 विद्यार्थियों ने राष्ट्रीय स्तर की खेल प्रतियोगिताओं में जिले का प्रतिनिधित्व किया और सात स्वर्ण सहित 25 पदक जीतकर राज्य का नाम रोशन किया।