Taekwondo Para National Championship: पुणे में हनुमानगढ़ के संदीप सिंह मान का जलवा
पैरा ताइक्वांडो ओपन नेशनल में जीता रजत पदक
हनुमानगढ़। महाराष्ट्र के पुणे में 10-11 जुलाई को आयोजित फिफ्थ इंडिया ताइक्वांडो ओपन पैरा नेशनल चैंपियनशिप (5th India Taekwondo Open Para National Championship) में हनुमानगढ़ के अंतरराष्ट्रीय पैरा ताइक्वांडो खिलाड़ी संदीप सिंह मान ने शानदार प्रदर्शन करते हुए रजत पदक जीतकर जिले और राजस्थान का गौरव बढ़ाया है। उनकी इस उपलब्धि से खेल प्रेमियों और जिलेवासियों में खुशी की लहर है। इस प्रतिष्ठित राष्ट्रीय प्रतियोगिता में देश के विभिन्न राज्यों से एक दर्जन से अधिक खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। Hanumangarh News
कड़े मुकाबलों के बीच संदीप मान ने अपने उत्कृष्ट तकनीकी कौशल, आत्मविश्वास और अनुभव का शानदार प्रदर्शन करते हुए फाइनल तक का सफर तय किया तथा रजत पदक अपने नाम किया। संदीप सिंह मान का खेल जगत में गौरवशाली योगदान रहा है। उन्हें वर्ष 2016 में अर्जुन अवार्ड तथा 2012 में महाराणा प्रताप अवार्ड से सम्मानित किया जा चुका है। इसके अलावा वे आठ बार एशियाई स्तर की प्रतियोगिताओं में पदक जीतकर भारत का गौरव बढ़ा चुके हैं। उनकी यह नई उपलब्धि वर्षांे की कठिन मेहनत, अनुशासन और समर्पण का परिणाम मानी जा रही है।
प्रतियोगिता में सफलता के बाद मंगलवार को श्री खुशाल दास विश्वविद्यालय पहुंचने पर श्री गुरु गोबिंद सिंह चैरिटेबल ट्रस्ट के अध्यक्ष बाबूलाल जुनेजा ने संदीप सिंह मान का सम्मान कर उन्हें शुभकामनाएं दीं। इस मौके पर बाबूलाल जुनेजा ने कहा कि संदीप ने अपनी मेहनत और उत्कृष्ट प्रदर्शन से न केवल हनुमानगढ़, बल्कि पूरे देश का नाम रोशन किया है। ऐसे खिलाड़ी युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत होते हैं और उनकी उपलब्धियां नई पीढ़ी को खेलों के प्रति समर्पित होकर आगे बढ़ने की प्रेरणा देती हैं।
वहीं, इंडिया ताइक्वांडो के अध्यक्ष नामदेव शिर्गओंकर ने भी संदीप सिंह मान को इस शानदार उपलब्धि पर बधाई देते हुए कहा कि उन्होंने प्रतियोगिता में उत्कृष्ट तकनीकी कौशल, आत्मविश्वास और खेल भावना का परिचय दिया है। उन्होंने विश्वास जताया कि संदीप भविष्य में भी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत के लिए अनेक पदक जीतकर देश का गौरव बढ़ाते रहेंगे। Hanumangarh News